National NewsPolitics

प्रचार के दौरान प्रियंका से युवती ने पूछा- आप स्मार्टफोन-स्कूटी देंगी कैसे करूं भरोसा…

इंपेक्ट डेस्क.

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने फिरोजाबाद के सिरसागंज में ‘लड़की हूं लड़ सकती हूं’ कार्यक्रम के तहत नारी शक्ति से संवाद किया। इस दौरान युवती श्वेता सिंह ने सवाल किया कि आप इंटर पास करने पर स्मार्ट फोन एवं ग्रेजुएशन के बाद स्कूटी देंगी यह मैं कैसे भरोसा करूं। प्रियंका गांधी बोली भरोसा तो करना पड़ेगा। मैंने शक्ति विधान बनाया है गारंटी कार्ड दूंगी। ताकि आपको उसमें जो वादे हैं उनको पूरा करूंगी। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं। इन सभी से निजात पाने के लिए आप को खुद की शक्ति पहचाननी होगी। कांग्रेस ने आपको मौका दिया है। कांग्रेस ने चुनाव में 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देने का निर्णय लिया है। कांग्रेस महिलाओं के हक की बात करेगी। हर घर में महिलाएं हैं यदि वह चाहें तो प्रदेश एवं देश की राजनीति की दिशा बदल सकती हैं। 

नारी शक्ति संवाद में प्रीतमपाल ने कहा कि मुझे भरोसा है कि आपकी सरकार बनी तो फ्री में रसोई गैस सिलिंडर देने के साथ स्मार्ट फोन, स्कूटी देंगी। बेटियों के लिए इंटर एवं डिग्री कॉलेज बनवाएंगी। इससे निश्चित ही लाभ मिलेगा। करहल से आई साइना ने प्रियंका गांधी से सवाल किया कि महिलाओं की जो हालत है उसमें सुधार की पहल करें यही मेरी मांग है। 

अधिवक्ता रीना कुशवाह ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग होने के बाद आए दिन वकीलों को निशाना बनाया जाता है इनके हित में काम होना चाहिए। बरनाहाल से आई आकांक्षा बोली मैं एक खिलाड़ी हूं, गांव में खेलने का मैदान नहीं होने से दिक्कत है। बेटियां खेलकूद का सामान होने पर बहुत आगे बढ़ सकती हैं, लेकिन ऐसी व्यवस्था की जाए ताकि बेटियां आगे बढ़ सकें। प्रियंका गांधी ने कहा सरकार बनने पर महिलाओं को उनका हक दिलाया जाएगा।