Google Analytics Meta Pixel
Politics

कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई दी

नई दिल्ली
कांग्रेस नेता राहुल गांधी तथा महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को बधाई देते हुए कहा है कि सत्ता और संपत्ति में जब तक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित नहीं होगी तब तक उनका सशक्तीकरण संभव नहीं है। गांधी ने ट्वीट किया 'महिला दिवस पर सभी महिलाओं को हार्दिक शुभकामनाएं। पिछले साल, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कुछ बच्चियों से मिल कर उनसे उनकी आकांक्षाएं पूछी थी।

अपेक्षा अनुसार उन्होंने चुनिंदा सुरक्षित करियर ऑप्शंस के बारे में बात की – कुछ जो समाज में लोकप्रिय हैं और कुछ जो उनके माता-पिता की आशाएं हैं। उन्हें आगे बढ़ाने के लिए इस बुलबुले से बाहर निकालना ज़रूरी है। इसी सोच के साथ उनकी इच्छा अनुसार कुछ को हेलिकॉप्टर की यात्रा करवाई और कुछ और को ऑपरेशन थियेटर में सर्जरी दिखाई। अब उनसे फिर से मुलाकात हुई और आज उनका आत्मविश्वास अलग आयाम पर है।  कुछ नया करने का जज़्बा है, आसमान छू लेने की अभिलाषा है।'

उन्होंने कहा कि भारत की बेटियों की कल्पना का दायरा बढ़ाना और नए विकल्प प्रस्तुत करना हमारी जिम्मेदारी है और उनका अधिकार – और इसे पूरा करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं।' वाड्रा ने कहा 'सत्ता और संपत्ति में भागीदारी ही असली सशक्तिकरण है। इनमें महिलाओं की समुचित भागीदारी समय की मांग है। आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर आइए संकल्प लें कि हम देश चलाने में महिलाओं की भागीदारी, उनका हक, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। सभी बहनों को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं।'