Google Analytics Meta Pixel
District RaipurPolitics

CG : BJP किसी को CM प्रोजेक्ट नहीं करेगी… मिशन-2023 में PM मोदी और कमल का निशान ही चेहरा…

इम्पैक्ट डेस्क.

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी मिशन-2023 की तैयारियों में जुट गई है और यह भी तय हो गया है कि चुनाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चेहरे पर लड़ा जाएगा। 4 उप चुनाव व नगरीय निकाय चुनाव में हार के बाद भाजपा किसी को सीएम प्रोजेक्ट नहीं करेगी। राष्ट्रीय नेतृत्व संगठन को मजबूत करने में जुटी है। दो दिन पहले भाजपा की प्रदेश प्रभारी डी पुरंदेश्वरी और सह प्रभारी नितिन नबीन का छत्तीसगढ़ दौरा भी इसी उद्देश्य को लेकर था। दुर्ग और बिलासपुर में संभाग स्तरीय समीक्षा के बाद कोर कमेटी की बैठक में भूपेश सरकार को घेरने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की रणनीति बनी। सीएम के चेहरे पर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि आज तक भारतीय जनता पार्टी ने कोई चेहरा प्रोजेक्ट कर चुनाव नहीं जीता है।

छत्तीसगढ़ में 3 चुनाव हमने जीते हैं। यहां भी कोई चेहरा तय नहीं था। हिन्दुस्तान के अन्य राज्यों में चुनाव हुए। उत्तर प्रदेश को छोड़ दें तो कहीं चेहरा प्रोजेक्ट कर चुनाव में नहीं गए हैं। चुनाव होने और जीत के बाद विधायक दल की बैठक होती है और एक घंटे में नेतृत्व तय हो जाता है। डॉ. रमन ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी लोकतांत्रिक नीतियों पर काम करती है। चुनाव में नेतृत्व भाजपा का होगा, कार्यकर्ताओं का होगा। हम सब लड़ेंगे और हमारे पास सबसे बड़ा चेहरा तो हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का है। प्रदेश में कमल खिलाने के बाद तय होगा चेहरा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में सीएम का चेहरा केंद्रीय नेतृत्व को तय करना है। हमें प्रदेश सरकार की विफलताओं को लोगों तक ले जाना है। जनता में कांग्रेस सरकार के खिलाफ भारी आक्रोश है।

हम जनता के सामने प्रदेश की कांग्रेस सरकार की विफलताओं को लेकर जाएंगे। 2023 में पुनः भाजपा को जिताएंगे, प्रदेश में कमल खिलाएंगे और उसके बाद सीएम का चेहरा तय होगा। जिस राज्य में CM नहीं वहां पार्टी चुनाव लड़ती है पूर्व मंत्री व विधायक बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि शीर्ष नेतृत्व का काम ही संगठन को मजबूत करना है। सभी पार्टियों के नेता आते हैं तो काम की समीक्षा होती है। यह स्वभाविक प्रक्रिया है। हमारे भी प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी आए और उन्होंने संभाग और जिलों के संगठन की समीक्षा की। उनकी नाराजगी संगठन के लिए है। संगठन को मजबूत करने के लिए इस तरह की नाराजगी स्वाभाविक है। सीएम के चेहरे पर विधायक बृजमोहन ने कहा कि पूरे देश के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक चेहरा हैं। उनकी लोकप्रियता है। जिन राज्यों में मुख्यमंत्री होते हैं वहां उनके चेहरे पर चुनाव लड़ा जाता है, लेकिन जिन राज्यों में मुख्यमंत्री नहीं होते वहां पार्टी चुनाव लड़ती है। पार्टी का सबसे बड़ा चेहरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी है।