State News

छत्तीसगढ़ : गिरफ्तारी के बाद कालीचरण के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज…

इंपेक्ट डेस्क.

महात्मा गांधी पर अमर्यादित टिप्पणी करने वाले कालीचरण महाराज को मध्यप्रदेश के खजुराहो से गिरफ्तार कर लिया गया है। यह गिरफ्तारी छत्तीसगढ़ की रायपुर पुलिस ने की है। कालीचरण पर भड़काऊ भाषण देने के आरोप में कई जगह मुकदमे दर्ज किए गए थे। 

बता दें कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की जहां एक संगठन द्वारा आयोजित धर्म संसद में धर्मगुरु कालीचरण महाराज ने महात्मा गांधी के बारे में अपमानजनक शब्द कहे थे और नाथूराम गोडसे को बापू की हत्या के लिए सही ठहराया था। इसके बाद कालीचरण महाराज के खिलाफ बीते रविवार को रायपुर के टिकरापारा थाने में भारतीय दंड संहिता की धारा 505 (2) (वर्गों के बीच शत्रुता, घृणा या द्वेष पैदा करने वाले बयान देना) और 294 के तहत मामला दर्ज किया गया था। 

कालीचरण महाराज पर देशद्रोह का केस
छत्तीसगढ़ पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि कालीचरण महाराज को गिरफ्तार करने के बाद उन पर देशद्रोह का केस लगाया गया है। जांच के दौरान साक्ष्य के आधार पर धारा 153 ए (1) (ए), 153 बी (1) (ए), 295 ए, 505 (1) (बी) को भी शामिल किया गया है।