Saturday, January 24, 2026
news update
National News

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि आज के युवा सरकारी नौकरियों के पीछे नहीं भागते बल्कि वे नौकरियां देते हैं

नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि आज के युवा सरकारी नौकरियों के पीछे नहीं भागते बल्कि वे नौकरियां देते हैं। उन्होंने उत्तरी मुंबई लोकसभा क्षेत्र के मलाड उपनगर में आदर्श कल्याण एसोसिएशन के निवासियों की सभा को संबोधित करते हुए यह कहा। गोयल उत्तरी मुंबई लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ रहे हैं। इस लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के निवर्तमान सदस्य गोपाल शेट्टी ने भी सभा को संबोधित किया और आवासीय परिसर के सदस्यों से गोयल को वोट देने का अनुरोध किया।

'आज का युवा नौकरियों के पीछे नहीं भागता'
गोयल ने कहा, ‘‘आज के युवक-युवतियां सरकारी नौकरियों के पीछे नहीं भागते, बल्कि वे अपनी प्रतिभा के दम पर नौकरी देने वाले बन रहे हैं। आज के युवा नए प्रयोग और नवोन्मेष के जरिए देश को आगे बढ़ा रहे हैं।'' वाणिज्य और उद्योग मंत्री गोयल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पिछले 10 साल में भारत की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए।

'2047 तक भारत एक विकसित देश बन जाएगा'
उन्होंने सभी क्षेत्रों में सुशासन लाने का प्रयास किया। वे गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं लाए।'' मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने भारत को पांच कमजोर अर्थव्यवस्थाओं से शीर्ष पांच अर्थव्यवस्थाओं में लाने के लिए काम किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत एक विकसित देश बन जाएगा और इसकी 10 गुना बड़ी अर्थव्यवस्था होगी। 

error: Content is protected !!