Google Analytics Meta Pixel
Madhya Pradesh

शहर में देर रात गरबा पंडाल से लौट रहे एक दंपती से मारपीट के बाद दो पक्ष आमने-सामने हुए, 7 पर केस दर्ज

आलीराजपुर
शहर में देर रात गरबा पंडाल से लौट रहे एक दंपती से मारपीट के बाद दो पक्ष आमने-सामने हो गए। हंगामा इतना बढ़ा गया कि कलेक्टर अभय अरविंद बेडेकर और पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास को मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालना पड़ा। करीब तीन घंटे हंगामे के बाद सख्त कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए। पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है।

गरबा पंडाल से लौटने के दौरान मस्जिद के पास बहस
जानकारी अनुसार रविवार रात माली समाज के दंपती गरबा पंडाल से घर लौट रहे थे। इस दौरान जामा मस्जिद के निकट समुदाय विशेष के युवकों से शोर मचाने को लेकर उनकी बहस हो गई। आरोप है कि युवकों ने दंपती के साथ मारपीट कर दी। इसकी जानकारी मिलते ही समाज के लोग आरोपितों के घर के बाहर एकत्रित हो गए और दो पक्ष आमने-सामने हो गए। जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। हंगमा इतना बढ़ा कि पुलिस के सामने ही लोग हाथापाई पर उतारू हो गए। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा।

कलेक्टर ने दी चेतावानी
इसके बाद कलेक्टर ने माइक संभाला और भीड़ को संबोधित करते हुए कहा कि जो भी आरोपित हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। कोई भी कानून अपने हाथ में लेने की कोशिश न करे। इसके बाद पुलिस पीड़ित पक्ष को लेकर थाने पहुंची और सात आरोपितों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल शहर में शांति बनी हुई है।