Google Analytics Meta Pixel
Big news

Twitter ने भारत के अपने 2 दफ्तर किए बंद… जानें कर्मचारियों का क्या हुआ…

इम्पैक्ट डेस्क.

गूगल इंडिया द्वारा कथित तौर पर अलग-अलग डिपॉर्टमेंट से 453 कर्मचारियों को बर्खास्त करने के बाद एक और बुरी खबर है। एलन मस्क ने ट्विटर इंक के अपने तीन भारतीय कार्यालयों में से दो को बंद कर दिया है और अपने कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा है। ट्विटर के इस फैसले को एलन मस्क के कास्ट कटिंग अभियान का हिस्सा माना जा रहा है।

बता दें साल 2022 के अंत में ट्विटर ने भारत में अपने लगभग 200 से अधिक कर्मचारियों में से 90% से अधिक को निकाल दिया था। अब उसने नई दिल्ली और मुंबई में अपने कार्यालयों को बंद कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक कंपनी ने बेंगलुरु में एक कार्यालय का संचालन जारी रखा है, जिसमें ज्यादातर इंजीनियर रहते हैं।

बिलेनियर एलन मस्क ने 2023 के अंत तक ट्विटर को वित्तीय रूप से स्टेबल करने के प्रयास के तहत दुनिया भर के कर्मचारियों की छंटनी और कार्यालयों को बंद कर रहे हैं। मस्क के इस नए स्टेप्स से पता चलता है कि वह अभी के लिए बाजार को कम महत्व दे रहे हैं। जबकि, भारत को मेटा प्लेटफॉर्म इंक से लेकर अल्फाबेट इंक तक अमेरिकी टेक जायंट के लिए एक प्रमुख विकास बाजार माना जाता है। Google भी दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते इंटरनेट क्षेत्र पर दीर्घकालिक दांव लगा रहा है। ट्विटर पिछले वर्षों में भारत के सबसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक मंचों में से एक के रूप में विकसित हुआ है। यह राजनीतिक पोस्ट और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 86.5 मिलियन फॉलोअर्स का घर है। 

44 बिलियन डॉलर में ट्विटर को खरीदने के बाद एलन मस्क अपने सैन फ्रांसिस्को मुख्यालय और लंदन कार्यालयों के लिए लाखों डॉलर के किराए का भुगतान करने में विफल रहे। पैसे जुटाने के लिए मूर्तियों से लेकर एस्प्रेसो मशीनों तक सब कुछ नीलाम कर दिया गया है।

बता दें Twitter को खरीदने के बाद एलन मस्क ने कर्मचारियों को अपने पहले संबोधन में कहा था कि अगर नकदी ऐसे ही गिरती रही तो ट्विटर दिवालिया हो जाएगा। सोशल मीडिया कंपनी में मस्क युग की शुरुआत के बीच दो सप्ताह की अवधि में उन्होंने ट्विटर के आधे कर्मचारियों को निकाल दिया था। अधिकतर शीर्ष अधिकारियों को बाहर कर दिया और शेष कर्मचारियों को घर से काम करना बंद करने का आदेश दे दिया था।