National News

पंचकूला में दर्दनाक हादसा, रोडवेज की बस पलटी, 40 से ज्यादा स्कूल के बच्चे घायल

पंचकूला

हरियाणा के पंचकूला में बस के पलटने से बड़ा हादसा हुआ है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा रोडवेज की तेज रफ्तार बस रोड पर पलट गई, जिसमें करीब 40 बच्चे सवार थे। इनमें से ज्यादातर बच्चों को चोटें आई हैं। यह हादसा पंचकूला के पिंजोर के पास स्थित नौलटा गांव में हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद बताया है कि यह हादसा हरियाणा रोडवेज की बस के साथ हुआ है। यह बस ओवरलोड थी और रफ्तार भी अधिक थी। इसके अलावा रोड की भी हालत खराब थी, जिससे ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया और बस पलट गई।

घायलों को पिंजोर हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। इसके अलावा एक महिला को इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया है। अब तक यह जानकारी नहीं मिल पाई है कि कितने बच्चे इस घटना में घायल हुए हैं, लेकिन करीब 40 की बात कही जा रही है। कुछ घायलों को पिंजोर अस्पताल में और कुछ लोगों को पंचकूला के सेक्टर 6 स्थित हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है। सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहे हैं, उनमें दिखता है कि स्कूली बच्चों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में ड्राइवर की गलती है, जो बहुत तेज स्पीड से चला रहा था। इसके अलावा बस में सवारियों की संख्या भी अधिक थी। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल है, जिसे चंडीगढ़ पीजीआई में एडमिट कराया गया है। पंचकूला की कालका विधानसभा से विधायक प्रदीप चौधरी ने कहा कि इस मामले की जांच शुरू हो गई है।

अस्पताल पहुंचे उपायुक्त और विधायक
हादसा की सूचना मिलते ही पंचकूला के उपायुक्त डॉक्टर यश गर्ग और डीसीपी हिमाद्री कौशिक सेक्टर 6 अस्पताल में पहुंचे। यहां उन्होंने घायलों का हाल जाना। कालका विधानसभा से पूर्व विधायक लतिका शर्मा और अंबाला लोकसभा से भाजपा की प्रत्याशी रही बंदों कटारिया भी अस्पताल पहुंची है। दोनों घाय़लों से मुलाकात कर रही हैं।

सीएमओ ने दी ये जानकारी
पंचकूला सीएमओ डॉ मुक्ता कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचकूला के सेक्टर 6 से नागरिक अस्पताल में 22 घायल बच्चों को लाया गया है। वहीं एक महिला जो की बस से बाहर थी जिसके ऊपर बस पलटी है उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर किया गया है।आपको बता दें कि घायलों की यह संख्या केवल पंचकूला सेक्टर 6 नागरिक अस्पताल की है। कई घायल बच्चों को पिंजौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भी ले जाया गया है जिसकी औपचारिक और पुष्टि होनी अभी बाकी है।