Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Politics

यह आम चुनाव भारत के लिए महत्वपूर्ण: ए.के. एंटनी

यह आम चुनाव भारत के लिए महत्वपूर्ण: ए.के. एंटनी

 मैंने निर्णय ले लिया, सबकुछ ठीक होगा : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण

ओडिशा : शाह ने भाजपा नेताओं से किया पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह

तिरुवनंतपुरम,
 कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ए.के. एंटनी ने शुक्रवार को कहा कि केरल की 20 लोकसभा सीट पर आज का आम चुनाव देश के लिए काफी महत्वपूर्ण है। उन्होंने यह भी दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्से की तेज लहर है।

तिरुवनंतपुरम में अपनी पत्नी एलिजाबेथ एंटनी और यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यूडीएफ) संयोजक एम.एम. हसन के साथ अपने मताधिकार का उपयोग करने के बाद एंटनी ने कहा कि दोनों सरकारों के खिलाफ सत्ता विरोधी लहर है।

उन्होंने कहा कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार और राज्य में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ‘‘सत्ता से बाहर’’ हो जाएगी।

एंटनी ने कहा, ‘‘यह चुनाव महत्वपूर्ण हैं। जैसे ही चुनाव प्रचार कल समाप्त हुआ, पूरे केरल में केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ लोगों में गुस्से की तेज लहर का आभास हुआ।’’

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला यूडीएफ राज्य की सभी 20 सीट जीतेगा।

उन्होंने कहा, ‘‘लोगों का गुस्सा वाम मोर्चा और भाजपा को सत्ता से बाहर कर देगा।’’

उनके बेटे अनिल के. एंटनी भाजपा के टिकट पर पथनमथिट्टा लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। नतीजे चार जून को आएंगे।

 

 

 मैंने निर्णय ले लिया, सबकुछ ठीक होगा : महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण

छत्रपति संभाजीनगर
 कांग्रेस से हाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चह्वाण ने शुक्रवार को कहा कि उन्होंने अपना फैसला ले लिया है और सब कुछ ठीक होगा।

उन्होंने लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में नांदेड शहर के आंबेडकर नगर में अपने परिवार के सदस्यों के साथ मतदान के बाद पत्रकारों से बातचीत में यह टिप्पणी की।

चह्वाण ने कहा, ‘‘यहां मतदाताओं के बीच उत्साह है और लोग मतदान के लिए कतारों में खड़े हैं। गर्मी बढ़ने के मद्देनजर मैं उम्मीद करता हूं कि लोग दोपहर तक मतदान कर लेंगे। मुझे इस बार मत प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद है।’’

आम चुनाव के दूसरे चरण में राज्य में नांदेड के अलावा बुलढाणा, अकोला, अमरावती, वर्धा, यवतमाल-वाशिम, हिंगोली और परभणी सीटों पर मतदान जारी है।

कांग्रेस के कुछ नेताओं ने कहा था कि नांदेड के लोगों को ‘‘राहुल गांधी से विश्वासघात’’ करने के लिए चह्वाण से बदला लेना चाहिए। इस टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर चह्वाण ने कहा, ‘‘मैंने फैसला ले लिया और सब कुछ ठीक होगा। जिसको भी जो कहना है, कहने दीजिए। यहां लोग जानते हैं कि वे क्या चाहते हैं।’’

नांदेड में भाजपा सांसद प्रताप चिखलीकर कांग्रेस प्रत्याशी वसंत चह्वाण को चुनौती दे रहे हैं।

ओडिशा : शाह ने भाजपा नेताओं से किया पार्टी की जीत सुनिश्चित करने का आग्रह

भुवनेश्वर,
 केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओडिशा इकाई के नेताओं से राज्य में लोकसभा चुनाव तथा साथ ही होने जा रहे विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए खुद को एक माह तक पूरी तरह समर्पित करने की शुक्रवार को अपील की।

पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मनमोहन सामल ने को हुई बैठक के बाद कहा कि शाह ने बृहस्पतिवार रात यहां 13 संसदीय क्षेत्रों के भाजपा नेताओं के साथ एक अहम बैठक की और उनसे आपसी मतभेद दूर करने तथा मिलकर काम करने का आग्रह किया।

भुवनेश्वर से सांसद अपराजिता सारंगी ने शाह के हवाले से संवाददाताओं से कहा,‘‘ ओडिशा को स्वस्थ, युवा और उड़िया भाषी मुख्यमंत्री की जरूरत है।’’

बैठक में जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर, कटक, भुवनेश्वर, ढेंकनाल, मयूरभंज, बालासोर, क्योंझर, भद्रक, पुरी, अस्का और ब्रह्मपुर से पार्टी के उम्मीदवारों ने भाग लिया।

सूत्रों ने बताया कि बैठक के दौरान शाह ने पार्टी उम्मीदवारों को घर-घर जाकर लोगों से मिलने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि शाह ने आश्वासन दिया कि केंद्रीय नेतृत्व राज्य में भाजपा सरकार बनाने के लिए हरसंभव मदद करेगा।

सामल ने कहा कि शाह ने राज्य की सभी 21 लोकसभा सीट जीतने और ओडिशा में अगली सरकार बनाने के लिए विधानसभा चुनाव में बहुमत हासिल करने पर जोर दिया।

एक नेता ने शाह के हवाले से कहा, ‘‘राज्य सरकार केंद्र सरकार का पैसा लूट रही है और सभी को एकजुट होकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत के सपने को साकार करने का संकल्प लेना चाहिए।’’

बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।