National News

दिल्ली के मुंगेशपुरी में तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था, अब नागपुर में 56 पर पहुंचा पारा

नागपुर
दो दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के मुंगेशपुरी में तापमान 52.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। तब दिल्ली समेत पूरे देश में खलबली मच गई थी और तापमान का सर्वाधिक रिकॉर्ड दर्ज किया गया था लेकिन अब महाराष्ट्र के नागपुर ने दिल्ली को पीछे छोड़ दिया है। वहां गुरुवार यानी 30 मई को 56 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है।

अप्रत्याशित तरीके से तापमान में बढ़ोत्तरी से नागपुर आग की भट्टी में तब्दील हो चुका है।  लोग गरमी से परेशान हैं और उन्हें ये समझ में नहीं आ रहा है कि आखिरी इतनी गर्मी क्यों और कैसे पड़ रही है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चिंतित हो गया है। दिल्ली में तापमान 52.9 डिग्री पहुंचने पर IMD ने जांच के आदेश दिए थे। अब नागपुर में भी इसकी तहकीकात हो रही है कि कहीं कोई भूल तो नहीं हुई है।

TOI की रिपोर्ट के मुताबिक, नागपुर में IMD द्वारा स्थापित चार स्वचालित मौसम केंद्रों में से दो ने असामान्य रूप से 50 डिग्री सेल्सियस से भी अधिक का उच्च तापमान का रिकॉर्ड दिखाया है, जो दिल्ली के रिकॉर्ड से ज्यादा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि नागपुर के उत्तरी अंबाझरी रोड से दूर रामदासपेठ में पीडीकेवी के 24 हेक्टेयर खुले कृषि क्षेत्र वाले खेत के बीच में  स्थापित  नागपुर AWS ने  56 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया है। इसके अलावा सोनेगांव के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र पर 54 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। तीसरे मौसम केंद्र जो वर्धा रोड से दूर खापरी में केंद्रीय कपास अनुसंधान संस्थान के खेतों में स्थित है, वहां 44 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि रामटेक AWS ने 44 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया है।

बता दें कि पिछले दो हफ्ते से मध्य भारत, उत्तर भारत और पूर्वी भारत में प्रचंड गर्मी पड़ रही है। रेमल चक्रवात के आने और तय समय से तीन दिन पहले मॉनसून के केरल पहुंचने के बाद एक दिन पहले ही आईएमडी ने कहा था कि अब धीरे-धीरे तापमान में कमी आएगी और मानसून आगे बढ़ने से लोगों को राहत मिलेगी लेकिन नागपुर में चढ़ते पारे ने स्थानीय लोगों को बेचैन कर दिया है। हालांकि, दिल्ली का अधिकतम तापमान कल 45 डिग्री के आसपास रिकॉर्ड किया गया जो IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक है।