Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
National News

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया

नई दिल्ली
भीषण गर्मी के बाद पूरा देश ही मॉनसून का इंतजार कर रहा था। इस बार भी मॉनसून 1 जून को ही केरल तट पर पहुंच गया था। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत तक पहुंचते-पहुंचते यह काफी लेट हो गया। एक दो राज्यों को छोड़ दें तो मॉनसून ने देश के बड़े हिस्से को कवर कर लिया है। राजधानी दिल्ली हो या पूर्वी उत्तर प्रदेश, बादल जमकर बरस रहे हैं। वहीं हरियाणा और पंजाब में भी अगले दो दिनों में मॉनसून प्रवेश करने वाला है। इसके साथ ही इन दोनों राज्यों को भी मॉनसून तर-बतरत करने लगेगा।

कहां होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग का कहना है कि अब झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। वहीं दक्षिण भारत में मॉनसून कमजोर होना शुरू होगा। बीते दो दिनों से राजधानी दिल्ली में बारिश हो रही है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को भी झमाझम बारिश हुई। अब मॉनसून पश्चिमी उत्तर प्रदेश की ओर भी बढ़ चला है। 24 घंटे में पश्चिमी यूपी में भी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राजस्थान में 29 जून को कई जगहों पर अत्यधिक बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

राजधानी दिल्ली की बात करें तो भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में बादल छाए रहने और भारी बारिश होने का पूर्वानुमान किया है। आईएमडी ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंचने की संभावना है।

मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के सात जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिन चंबा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सिरमौर और सोलन जिलों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं उत्तराखंड में भी मॉनसून दस्तक दे चुका है। यहां 24 से 48 घंटे में कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो सकती है। कई जगहों पर आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है।