Google Analytics Meta Pixel
Thursday, March 12, 2026
news update
Big newsNational News

नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया और राहुल गांधी की बढ़ी मुश्किलें… ED ने जारी किया समन…

इम्पैक्ट डेस्क.

नेशनल हेराल्ड केस में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को समन जारी किया है। सोनिया गांधी को 8 जून को पूछताछ के लिए बुलाया गया है। अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि हम झुकेंगे नहीं और सामना करेंगे। सिंघवी ने कहा कि सोनिया गाांधी खुद ईडी के दफ्तर जाएंगी और सभी सवालों के जवाब देेंगी।

गांधी परिवार के खिलाफ ईडी के समन के बाद सियासी बयानबाजी शुरू हो चुकी है। कांग्रेस के तमाम बड़े नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है। कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ”नेशनल हेराल्ड मामले में साजिश के तहत सोनिया गांधी और राहुल गांधी को ED ने नोटिस भेजा है। लेकिन हम “डरेंगे नही, झुकेंगे नही…. सीना ठोक कर लड़ेंगे।” 

वहीं, कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता और अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने आरोप लगाया है कि इससे पहले ईडी ने इस मामले को बंद कर दिया था। उन्होंने कहा, ‘भाजपा राजनीतिक विरोधियों को डराने के लिए कठपुतली एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है।’

पवन बंसल से भी हुई थी पूछताछ
इससे पहले 12 अप्रैल को नेशनल हेराल्ड से जुड़े धनशोधन के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कांग्रेस नेता पवन बंसल से पूछताछ की थी। इस दौरान उनसे वित्तीय लेन-देन सहित कई पहलुओं को लेकर सवाल किए गए थे।

सोनिया और राहुल गांधी समेत इन नेताओं पर हैं आरोप
सुब्रमण्यन स्वामी ने नेशनल हेराल्ड केस में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, दिवंगत नेता मोतीलाल वोरा, पत्रकार सुमन दुबे और टेक्नोक्रेट सैम पित्रोदा पर आरोप लगाए थे। उनका आरोप था कि यंग इंडिया लिमिटेड के जरिए गलत तरीके से इसका अधिग्रहण किया गया है और कांग्रेस नेताओं ने 2,000 करोड़ रुपये तक की संपत्ति हथिया ली।

इस मामले की जांच 2014 में ईडी की ओर से शुरू की गई थी। कांग्रेस इस मामले को लेकर कहती रही है कि यंग इंडिया लिमिटेड का मकसद प्रॉफिट कमाना नहीं है बल्कि इसका गठन चैरिटी के लिए किया गया है।