Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Big newsNational NewsPolitics

कांग्रेस को झटका… भाजपा में शामिल हुईं महिला कांग्रेस अध्यक्ष सरिता आर्य…

इंपेक्ट डेस्क.

उत्तराखंड में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। नैनीताल से पूर्व विधायक और महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष सरिता आर्य अपने बगावती सुर के बाद अब भाजपा में शामिल हो गईं हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने उन्हें सोमवार को देहरादून में पार्टी की सदस्यता दिलवाई। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी मौजूद रहे।

कांग्रेस ने छह साल के लिए किया निष्कासित
सरिता आर्य के साथ ही कांग्रेस महिला प्रदेश उपाध्यक्ष रेखा बोरा गुप्ता और वंदना गुप्ता भी भाजपा में शामिल हो गईं। वहीं सरिता आर्य को कांग्रेस पार्टी ने सभी पदों से हटाते हुए छह साल के लिए निष्कासित कर दिया है। इससे पहले सरिता आर्य ने बगावती तेवरों से कांग्रेस मुख्यालय भवन का माहौल गरमाए रखा था। भाजपा नेताओं से मुलाकात की खबरों के बाद उन्होंने शनिवार को पार्टी कार्यालय में साफ तौर पर कहा था-अभी तो मैं कांग्रेस में हूं, आगे का पता नहीं। लोकतंत्र है, हर कोई अपने लिए सोचने को स्वतंत्र है…। भाजपा टिकट देगी तो वह वहां से भी चुनाव लड़ लेंगी।