Google Analytics Meta Pixel
National News

IAS पूजा सिंघल के ठिकानों पर फिर रेड… रांची-मुजफ्फरपुर समेत 6 जगहों पर ED की छापेमारी…

इम्पैक्ट डेस्क.

झारखंड की पावरफुल आईएएस पूजा सिंघल के खिलाफ ईडी की कार्रवाई मामले में अहम खबर है। आज मंगलवार को फिर से ईडी की छापेमारी चल रही है। ईडी की टीम पूजा और उसके संबंधियों के छह ठिकानों पर रेड कर रही है। जानकारी के मुताबिक रांची और मुजफ्फरपुर में आज सुबह साढ़े सात बजे से ईडी की टीम रेड की कार्रवाई कर रही है।

सूत्रों से मिली सूचना के अनुसार ईडी को अब अनील झा नामक शख्स की तलाश है। अनील झा के नेताओं और नौकरशाहों से बेहतर ताल्लुकात हैं। माना जा रहा है कि पैसे से लेनदेन में उसकी भूमिका है। अनील झा ही पैसे पहुंचाने का काम करता था। ईडी इसकी तस्दीक करना चाहती है कि पूजा सिंघल प्रकरण में यह नया कैरेक्टर और क्या क्या काम करता था।

मुजफ्फरपुर के मिठनपुरा में पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के पिता कामेश्वर झा का मकान है। कामश्वर झा मुजफ्फरपुर में

बिहार प्रशासनिक सेवा के पदाधिकारी के तौर पर काफी समय तक कार्यरत थे। झारखंड बंटवारे के बाद वे झारखंड चले गए और रांची के साथ साथ दुमका में सक्रिय रहे। माना जा रहा है कि अनील झा अभिषेक के पिता कामेश्वर झा का आदमी है। इस वजह से ईडी मुजफ्फरपुर में कामेश्वर झा के आवास पर भी कार्रवाई कर रही है।

बता दें कि मनी लाउंड्रिंग और मनरेगा घोटाला के संबंधित भ्रष्टाचार के मामले में पूजा सिंघल, पति अभिषेक झा और उसका सीए सुमन सिंह फिलहाल जेल में हैं। सुमन सिंह के ठिकानों से ईडी की छापेमारी के दौरान 19.41 करोड़ की रकम बरामद की गयी थी। पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा द्वारा बनाए गये पल्स हॉस्पीटल में शेल कंपनियों के पैसे लगाने का आरोप है। कई

जिलों में डीसी रहते पूजा सिंघल पर मनरेगा घोटाला की जांच चल रही है। पूजा सिंघल पर झारखंड की खान सचिव रहते सीएम हेमंत सोरेन को लाभ पहुंचाने और खनन लीज लेने का भी आरोप है। बताया जा रहा है कि पूजा सिंघल से शादी के बाद उसके पावर का इस्तेमाल करते हुए पति अभिषेक झा और ससुर कामरेश्वर झा ने बहुत पैसे बनाए।