Google Analytics Meta Pixel
Wednesday, March 11, 2026
news update
viral news

सैटेलाइट को दिया गया पुनीत राजकुमार का नाम… श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा उपग्रह…

इम्पैक्ट डेस्क.

कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के मशहूर अभिनेता पुनीत राजकुमार अब हमारे बीच नहीं हैं। एक्टर को गए भले ही कुछ समय बीत चुका है, लेकिन अभिनेता आज भी अपने फैंस और चाहने वालों के बीच मौजूद हैं। उनके फैंस अक्सर अभिनेता की याद में कुछ ना कुछ करते नजर आते रहते हैं। इसी बीच अब एक्टर ने जुड़ी एक नई खबर सामने आई है। दरअसल, हाल ही में पुनीत राजकुमार को श्रद्धांजलि के रूप में पुनीत नामक एक उपग्रह को श्रीहरिकोटा से लॉन्च किया जाएगा। 

इस बारे में मीडिया को जानकारी देते हुए, विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री, सीएन असवंत नारायण ने बताया कि, “बेंगलुरू के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले छात्रों ने 1.90 करोड़ रुपये की लागत से एक KGS3 उपग्रह विकसित किया है। हमने दिवंगत अभिनेता की याद में उपग्रह का नाम पुनीत रखा है, जिनका पिछले साल अक्टूबर में निधन हुआ था।” सैटेलाइट को 15 नवंबर से 31 दिसंबर के बीच लॉन्च किया जाएगा।

उन्होंने आगे बताया कि यह पहल आजादी के अमृत महोत्सव का एक हिस्सा है। सरकार की पहल के तहत, राज्य भर के स्कूलों और कॉलेजों से 1000 छात्रों को शॉर्टलिस्ट किया जाएगा, जिन्हें श्रीहरिकोटा जाने और सैटेलाइट पुनीत के लॉन्च का गवाह बनने का अवसर मिलेगा। इस परियोजना का उद्देश्य विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग और गणित में छात्रों की जिज्ञासा को समृद्ध करना है।

इससे पहले पुनीत को हाल ही में मैसूर विश्वविद्यालय द्वारा मरणोपरांत डॉक्टरेट की उपाधि से सम्मानित किया गया था। गौरतलब है कि कन्नड़ अभिनेता पुनीत राजकुमार का 29 अक्टूबर, 2021 को दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। उनकी आखिरी फिल्म लकी मैन, 9 सितंबर को रिलीज होने के लिए तैयार है।