Google Analytics Meta Pixel
Wednesday, March 11, 2026
news update
Madhya Pradesh

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर एम.पी. ट्रांसको की मातृशक्ति का किया गया सम्मान

भोपाल
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर तरंग ऑडीटोरियम रामपुर में मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी (एम.पी. ट्रांसको) की मातृशक्ति का सम्मान कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें मुख्यालय जबलपुर स्थित सभी नियमित, संविदा एवं आउटसोर्स महिला कार्मिकों को सम्मानित किया गया।

मातृशक्ति की उपलब्धियों का सम्मान करने का अवसरः एम.डी. इंजी. तिवारी
मध्यप्रदेश पॉवर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक इंजी. सुनील तिवारी ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस सिर्फ महिलाओं के प्रति आदर व्यक्त करने का दिन नहीं है बल्कि यह उन तमाम मातृशक्ति की उपलब्धियों का सम्मान करने का अवसर है। इनके कारण समाज में महिलाओं ने बदलाव लाया है।

महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण जरूरी: एम.डी. श्री द्विवेदी
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री अनय द्विवेदी ने कहा कि देश एवं समाज के सर्वांगीण विकास के लिये महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी और उनका प्रोत्साहन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त होने के लिये नौकरी या व्यवसाय करना चाहिये।

पॉवर सेक्टर में भी मातृ शक्ति विद्यमान – जेनको एम.डी. श्री मंजीत सिंह
मध्यप्रदेश पॉवर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक श्री मंजीत सिंह ने कहा कि मातृशक्ति के कारण हम सबका अस्तित्व है। आज पॉवर सेक्टर में भी महिलाओं का बोलबाला है और जनरेशन जैसी कंपनी में भी मातृ शक्ति पॉवर हाउस जैसी कठिन जगह पर कार्य कर रही है।

भारत में प्रारंभ से ही महिला रही है सशक्त: सी.जी.एम. राठौर
मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी की सी.जी.एम. श्रीमति नीता राठौर ने अपने उदबोधन मे कहा कि भारत में महिला प्रारंभ से ही शक्ति के रूप में पूजी जाती रहीं है। वह पहले भी सशक्त थीं और अभी भी पुरूषों के साथ कंधा से कंधा मिलाकर हर क्षेत्र में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विद्युत परिवार महिला कार्मिकों के लिये सुरक्षित एवं साफ-सुथरा कार्यस्थल है।

जबलपुर के मुख्य चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने कहा कि हालांकि स्वास्थ्य विभाग में महिलाओं की ज्यादा भागीदारी रहती है लेकिन उन्होंने पहली बार विद्युत क्षेत्र में महिलाओं को इस तरह के चुनौती भरे कार्य निष्पादित करते हुये जाना।
मुख्य अभियंता श्री देवाशीष चक्रवर्ती के संयोजन में नारी के प्रति बदलते सकारात्मक रवैये को परिलक्षित करती एम.पी. ट्रांसको के कार्मिकों द्वारा एक लघु नाटिका का मंचन भी किया गया।