Saturday, January 24, 2026
news update
Big news

अब माइक्रोसॉफ्ट में बड़े पैमाने पर छंटनी : 11000 कर्मचारियों को आज बर्खास्त करेगी कंपनी…

इम्पैक्ट डेस्क.

दुनिया की नंबर वन सॉफ्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ्ट आज हजारों कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। स्काई न्यूज का हवाला देते हुए, समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने यह जानकारी दी है। रॉयटर्स के मुताबिक माइक्रोसॉफ्ट अपने कार्यबल के पांच प्रतिशत या 11000 कर्मचारियों को बर्खास्त कर देगी।

हजारों कर्मचारी होंगे प्रभावित
माइक्रोसॉफ्ट में यह छंटनी मानव संसाधन और इंजीनियरिंग विभागों में होगी। कंपनी की यह घोषणा हजारों कर्मचारियों को प्रभावित कर सकती है। छंटनी अमेरिकी प्रौद्योगिकी क्षेत्र में नवीनतम होगी। बता दें कि इससे पहले अमेजन और मेटा सहित कई टेक कंपनियां धीमी मांग और बिगड़ते वैश्विक आर्थिक दृष्टिकोण के जवाब में छंटनी कर चुकी हैं। रिपोर्ट के मुताबिक 30 जून तक माइक्रोसॉफ्ट के पास 221,000 पूर्णकालिक कर्मचारी थे, जिनमें 122,000 संयुक्त राज्य अमेरिका में और 99,000 अंतरराष्ट्रीय स्तर पर थे।

ये रही छंटनी की वजह
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक पर्सनल कंप्यूटर बाजार में कई तिमाहियों की गिरावट के बाद विंडोज और उपकरणों की बिक्री को नुकसान पहुंचने के बाद Microsoft अपनी क्लाउड इकाई एज्योर में विकास दर बनाए रखने के लिए दबाव में है। वहीं कंपनी ने पिछले साल जुलाई में भी कुछ कर्मचारियों की छंटनी की थी। अक्तूबर में, समाचार साइट एक्सियोस ने बताया था कि माइक्रोसॉफ्ट ने कई डिवीजनों में लगभग 1,000  कर्मचारियों को बाहर का रास्ता दिखाया था।

तकनीकी क्षेत्र में नौकरियों की कमी जारी रहेगी
माइक्रोसॉफ्ट के इस कदम से यह संकेत मिल सकता है कि तकनीकी क्षेत्र में नौकरियों की कमी जारी रह सकती है। Microsoft एक चुनौतीपूर्ण अर्थव्यवस्था का सामना करने वाली नवीनतम बड़ी टेक कंपनी है।   Microsoft कर्मचारी जिनके पास अप्रयुक्त अवकाश शेष है, उन्हें अप्रैल में एकमुश्त भुगतान मिलेगा।  

error: Content is protected !!