News

अडानी-अंबानी की कुल दौलत से अधिक मस्क-जुकरबर्ग ने 6 महीने में कमाया…

इम्पैक्ट डेस्क.

एशिया के सबसे बड़े रईस मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) और भारत के दूसरे सबसे अमीर गौतम अडानी (Gautam Ambani)  की जीवन भर की कमाई से अधिक एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग ने छह महीने में कमा लिया। मार्क जुकरबर्ग ने इस साल अब तक 58.6 अरब डॉलर कमा चुके हैं और एलन मस्क 110 अरब डॉलर। दोनों की इस साल अबतक की कमाई 168.6 अरब डॉलर हुई। जबकि, अंबानी की कुल दौलत 90.6 अरब डॉलर है और अडानी की 60.3 अरब डॉलर। दोनों की संपत्ति मिलकर 150.9 अरब डॉलर ही हो रही है।

पिछले साल के टॉप लूजर रहे एलन मस्क की संपत्ति में इस साल अबतक 110 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। इस समय दुनिया के सबसे अमीर शख्स के पास 247 अरब डॉलर का नेटवर्थ है। दूसरी ओर साल 2022 में मार्क जुकरबर्ग के सितारे भी गर्दिश में रहे, लेकिन इस इनकी किस्मत ऐसी चमकी कि लूजर से टॉप गेनर नंबर दो बन गए। इस साल अब तक जुकर्बरग ने 58.6 अरब डॉलर अपनी संपत्ति में जोड़कर अमीरों की लिस्ट में 104 अरब डॉलर के साथ 9वें नंबर पर हैं।

अमेरिकी अरबपतियों पर डॉलर की बारिश

ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स में इस साल अबतक जिन 10 अरबपतियों ने सबसे अधिक पैसा कमाया है, उनमें 9 अमेरिका के हैं। इन 9 अरबपतियों ने मिलकर करीब 385 अरब डॉलर की दौलत केवल इस साल जोड़ी है। अमेरिकी अरबपतियों पर डॉलर की बारिश हो रही है। एलन मस्क और मार्क जुकरबर्ग की कमाई का जिक्र ऊपर कर चुके हैं। इनके अलावा इस साल जेफ बेजोस ने 47.6 अरब डॉलर कमाए। अब बेजोस का नेटवर्थ 155 अरब डॉलर का है। लैरी एलिशन ने 40.3 अरब डॉलर जोड़क अपनी संपत्ति 132 अरब डॉलर कर ली है।

स्टीव बाल्मर ने 31.5 अरब डॉलर का इजाफा कर 117 अरब डॉलर बनाया है। लैरी पेज के पास कुल 110 अरब डॉलर की संपत्ति है और इन्होंने इस साल 26.7 अरब डॉलर जोड़ा है। सर्गी ब्रिन की कमाई इस साल 24.8 अरब डॉलर है और इनके पास 104 अरब डॉलर का नेटवर्थ है। बिल गेट्स ने भी इस साल अब तक 24.7 अरब डॉलर कमाए हैं। इनके पास 134 अरब डॉलर की संपत्ति है। जेंसन हुआंग भी 24.2 अरब डॉलर कमाकर अपनी संपत्ति 38 अरब डॉलर कर ली है।