Google Analytics Meta Pixel
Wednesday, March 11, 2026
news update
Big news

मस्क ने अब ट्विटर के विधि अधिकारी को निकाला… ‘ट्विटर फाइल्स’ मामले में माना जिम्मेदार…

इम्पैक्ट डेस्क.

ट्विटर के नए मालिक एलन मस्क ने अब कंपनी के विधि अधिकारी (legal executive) जिम बैकर को निकाल दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के बेटे हंटर बाइडन से जुड़ी ‘ट्विटर फाइल्स’ के हाल ही में किए गए खुलासे के संदर्भ में यह कार्रवाई की गई।

बैकर ट्विटर इंकार्पोरेशन के डिप्टी जनरल काउंसल थे। उन्हें कंपनी से निकाले जाने की जानकारी मस्क ने ट्वीट कर दी। उन्हें सूचना को गलत ढंग से हैंडल करने का आरोप लगाया है। हाल ही में जारी ट्विटर फाइल्स में दावा किया गया है कि अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव के पहले बाइडन के पुत्र हंटर के लैपटॉप में ईमेल से निकली जानकारियों को ट्विटर के तत्कालीन अधिकारियों ने अनुचित ढंग से सेंसर करते हुए दबाया-छिपाया था।

बैकर पहले संघीय जांच ब्यूरो के सामान्य वकील थे। बाद में ट्विटर की सेवा में आए थे। उन्होंने मस्क द्वरा उन्हें निकाले जाने पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। स्वतंत्र पत्रकार मैट तैबी ने पिछले सप्ताह ट्विटर फाइल्स को लेकर खुलासा किया था। इसमें उन्होंने बताया था कि कैसे न्यूयॉर्क पोस्ट की हंटर बाइडन से जुड़ी रिपोर्ट को ट्विटर पर सेंसर किया गया था। यह भी दावा किया गया है कि तत्कालीन अमेरिकी उपराष्ट्रपति बाइडन की टीम के दबाव में ट्विटर के तत्कालीन प्रबंधन ने अनुचित ढंग से संबंधित सामग्री को सेंसर किया था।   

मंगलवार को किए गए ट्वीट में तैबी ने कहा कि बैकर पर कार्रवाई ‘ट्विटर फाइल्स’ की जांच के सिलसिले में की गई है। उन्होंने दावा किया था कि यह कार्रवाई ट्विटर के नए प्रबंधन की जानकारी के बगैर की गई है। हालांकि, मस्क ने खुद ट्वीट कर बैकर को निकालने की जानकारी दी है। मस्क ने अपने ट्वीट में कहा है कि सूचनाओं के दमन में बैकर की कथित भूमिका के चलते यह कार्रवाई की गई है। 

दुनिया के सबसे रईस एलन मस्क ने अक्तूबर में 44 अरब डॉलर में ट्विटर का अधिग्रहण किया है। इसके बाद से ट्विटर के कई शीर्ष अधिकारियों को हटा चुके हैं और बड़े पैमाने पर कर्मचारियों की छंटनी कर चुके हैं। मस्क दिखाना चाहते हैं कि यह सोशल मीडिया मंच अभिव्यक्ति की आजादी की दृष्टि से अधिकाधिक खुला है।