Google Analytics Meta Pixel
Big news

सांसद राघव चड्ढा के PA को 1 लाख मंथली सैलरी वाली नौकरी, जानें क्यों छिड़ गया विवाद…

इम्पैक्ट डेस्क.

पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार विपक्षी दलों के निशाने पर है। इसकी वजह राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के निजी सचिव मोहम्मद असगर जैदी को एक लाख रुपए प्रति महीने के वेतन पर मीडिया मैनेजर नियुक्त किया गया है। इसे लेकर ही विवाद छिड़ा हुआ है। कांग्रेस ने इसे आप द्वारा पंजाब को लूटने का उदाहरण बताया है। वहीं बीजेपी ने भी आप सरकार पर हमला बोला है।

जालंधर कैंट से कांग्रेस सांसद परगत सिंह ने ट्वीट कर कहा, ‘पंजाब के सूबेदार राघव चड्ढा पंजाब के गले में दिल्ली का फंदा कसना चाहते हैं। उनके लंबे समय से सेवारत पीए मोहम्मद असगर जैदी अब 1 लाख प्रतिमाह के वेतन के साथ पंजाब सरकार में डिजिटल मीडिया मैनेजर बन गए हैं। अब पंजाब सरकार के खर्च पर दिल्ली आप के स्पिन मास्टर को नियुक्त किया गया है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘जैदी को पीछे के दरवाजे से एक अल्पज्ञात कंपनी एस.एस. प्रोवाइडर्स द्वारा एक विज्ञापन के जरिए नियुक्त किया गया था। अगले ही दिन एक पूर्व निर्धारित वॉक-इन इंटरव्यू द्वारा उन्हें नियुक्त कर लिया गया। दिल्ली द्वारा पंजाब की लूट और राज्य को नियंत्रण करने का एक और स्पष्ट उदाहरण।’ यह जानकारी तब सामने आई जब पंजाब सरकार ने बठिंडा निवासी एक आरटीआई का जवाब दिया।

वहीं दिल्ली बीजेपी के सिख नेता मनजिंदर सिंह सिरसा ने भी ट्वीट के जरिए आप सरकार पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि चड्ढा के पीए को पंजाब सरकार द्वारा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में एक लाख रुपये प्रतिमाह पर मीडिया मैनेजर नियुक्त किया गया है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने आप के ‘सोशल मीडिया वालों’ को कई नौकरियां दी हैं।