Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
RaipurState News

दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में बड़ा हादसा, धंसी चट्टान, चार मजदूरों की मौत

बचेली
दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल में मंगलवार को एनएमडीसी लौह अयस्क खनन परियोजना के विस्तार कार्य के दौरान हुए धंसान की चपेट में आकर चार मजदूरों की मौत हो गई। दो श्रमिक घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ जब पहाड़ी में परियोजना के स्क्रीनिंग प्लांट-3 में रिटेनिंग वाल का निर्माण किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि मृतकों में बिट्टू बाला, निर्मल बाला, तोसर बाला पश्चिम बंगाल के नदिया जिले व संतोष कुमार दास बिहार के पटना जिले का निवासी था। दो श्रमिक प्रवीण बढ़ई व दिलीप बढ़ई को भी गंभीर चोटें आई हैं।दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने कहा कि मंगलवार की दोपहर परियोजनास्थल पर 14 श्रमिक काम कर रहे थे। उसी समय हादसा हुआ। पहाड़ से बड़ी चट्टान का एक हिस्सा गिर गया और चार मजदूर उसके नीचे फंस गए।
 
ड्रिलिंग रोकने को कहा था
श्रमिकों ने बताया कि पहाड़ खोदाई का काम लार्सन एंड टूब्रो कंपनी को मिला है। पेटी कांट्रेक्ट पर कोलकाता की एसबी बाला कंस्ट्रक्शन खोदाई का काम कर रही थी। मंगलवार को पहाड़ में ड्रिलिंग की जा रही थी। पहाड़ के नीचे ही नाली निर्माण के लिए ढलाई की जा रही थी। ड्रिलिंग से पहाड़ में तीव्र कंपन हो रहा था। ढलाई का काम कर रहे श्रमिकों ने कंपनी के सुपरवाइजर को इसकी जानकारी दी और ड्रिलिंग रोकने को कहा लेकिन काम नहीं रोका गया। कुछ देर बाद ही पहाड़ धंस गया और इसके नीचे ढलाई करने वाले श्रमिक दब गए।