Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Breaking News

कोरोना वायरस के कहर से कराह रहे महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश… लगातार बढ़ रहे संक्रमण और मौत के आंकड़े… हालात चिंताजनक…

न्यूज डेस्क. नई दिल्ली।

देश में कोरोना संक्रमण फैलने की औसत दर भले ही लॉकडाउन के बाद कम हुई लेकिन तीन राज्यों में बढ़ते प्रकोप ने चिंता बढ़ा दी है। महाराष्ट्र, गुजरात, मध्य प्रदेश में हालात चिंताजनक हैं। देशभर में कुल 881 मौतों में से दो तिहाई से ज्यादा (555 मामले) सिर्फ इन तीन राज्यों से हैं। इस लिहाज से दिल्ली चौथे और उत्तर प्रदेश छठे पायदान पर है।

महाराष्ट्र में सबसे गंभीर : स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक महाराष्ट्र में एक दिन में 811 नए मरीज मिले। पिछले 6 दिन में 71 लोगों की मौत हुई है यानी औसतन हर दो घंटे में एक मरीज दम तोड़ रहा है।

गुजरात में भी चुनौती बढ़ी : संक्रमितों के मामले में गुजरात एक महीने में सातवें से दूसरे नंबर पर पहुंच गया है। अहमदाबाद में रविवार को 18 लोगों की कोरोना से मौत हो गई। यहां औसतन हर ढाई घंटे में एक मौत हो रही है।

मध्य प्रदेश के इंदौर में ज्यादा प्रकोप : राज्य में इंदौर और भोपाल रेड जोन बने हुए हैं। देश के सर्वाधिक प्रभावित जिलों में शामिल इंदौर में हालत दिन-ब-दिन बिगड़ रहे हैं। यहां अब तक 57 लोगों की जान जा चुकी है।

देशभर में कोरोना संक्रमितों की संख्या 27890 हुई

देश में कोरोना रोगियों की संख्या बढ़कर 27890 हो गई है। इस बीच 6523 लोगों को अस्पताल से छुटी दी जा चुकी है। सरकार का दावा है कि कोरोना मरीजों के स्वस्थ होने के प्रतिशत में भी लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है तथा यह बढ़कर 21.90 फीसदी तक पहुंच गया है। बाकी 20177 लोगों का देश के विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है। उधर, कैबिनेट सचिव ने भी राज्यों के मुख्य सचिवों एवं पुलिस महानिदेशकों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये बात की। उन्होंने कहा कि जिन राज्यों में ज्यादा मामले हैं, वे लॉकडाउन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं तथा चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *