Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
National News

एम चिन्नास्वामी स्टेडियम कांड: 2 और विकेट गिरे, KSCA के सचिव और कोषाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा

बेंगलुरु

IPL 2025 फाइनल जीतने के बाद बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु यानी आरसीबी टीम के जश्न के दौरान 11 लोगों की मौत स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में हो गई थी। इस मामले में आरसीबी के एक अधिकारी समेत 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया। अब इसकी आंच कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन यानी केएससीए तक पहुंच गई है। केएससीए के सचिव और कोषाध्यक्ष को अपने पदों से इस्तीफा देना पड़ा है।

4 जून को हुए इस भगदड़ कांड के बाद कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सचिव ए शंकर और कोषाध्यक्ष ईएस जयराम ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है। केएससीए के पदाधिकारियों ने इस दुखद घटना की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शुक्रवार (6 जून) को अपना-अपना पद छोड़ने का ऐलान किया। बता दें कि बेंगलुरु के स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई थी और 50 के करीब लोग घायल हो गए थे।

क्रिकबज के मुताबिक, शनिवार को केएसीए की ओर से जारी एक प्रेस नोट में लिखा गया है, "यह सूचित किया जाता है कि पिछले दो दिनों में हुई अप्रत्याशित और दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं के कारण, जिसमें हमारी भूमिका बहुत सीमित थी, लेकिन नैतिक जिम्मेदारी के कारण, हम यह बताना चाहते हैं कि कल रात हमने कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के अध्यक्ष को दिनांक 06.06.2025 के एक पत्र के माध्यम से कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ के सचिव और कोषाध्यक्ष के रूप में अपने-अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।" इस पत्र पर दोनों के हस्ताक्षर भी थे।

दरअसल, आरसीबी ने 18 साल के बाद आईपीएल का खिताब जीता था। ऐसे में फैंस को इमोशन्स सातवें आसमान पर थे। आरसीबी की ओर से इस बात का ऐलान किया गया था कि स्टेडियम में खिलाड़ियों के साथ ट्रॉफी जीतने का जो जश्न होगा, उसमें फैंस की एंट्री फ्री होगी। ये कोई नई बात नहीं थी, लेकिन जिस तरह का फैन बेस टीम का है, उसे देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थी, जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा।