Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Politics

‘केजरीवाल रुकेगा नहीं’: CBI के सामने पेशी से पहले AAP ने जारी किया ‘पुष्पा स्टाइल’ पोस्टर, BJP ने ऐसे दिया जवाब…

इम्पैक्ट डेस्क

दिल्ली में शराब घोटाले को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) और भाजपा के बीच छिड़ी सियासी जंग पोस्टर वार तक आ गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सीबीआई के सामने पेशी से पहले ‘आप’ ने रविवार को केजरीवाल का ‘पुष्पा स्टाइल’ वाला पोस्टर जारी कर किसी से भी नहीं डरने का संकेत दिया है। वहीं, इसके जवाब में दिल्ली भाजपा ने भी आज एक नया पोस्टर जारी कर ‘आप’ के नेताओं को कट्टर करप्ट बताते हुए घेरा है।

जानकारी के अनुसार, शराब घोटाला मामले में चल रही जांच की आंच अब आम आदमी पार्टी (AAP) सुप्रीमो और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल तक आ पहुंची है। केजरीवाल इस मामले में आज सुबह 11 बजे सीबीआई के समक्ष पेश होंगे। सीबीआई ने शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया था।

जानकारी के अनुसार, आम आदमी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से मुख्यमंत्री केजरीवाल का पुष्पा स्टाइल वाला पोस्टर जारी किया गया है। पोस्टर पर लिखा है ”केजरीवाल रुकेगा नहीं” (Kejriwal Rukega Nahi)। 

वहीं, शराब घोटाला मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया (Manish Sisodia) की गिरफ्तारी के बाद से ही भाजपा केजरीवाल और उनकी पार्टी पर लगातार हमलावर बनी हुई है। दिल्ली भाजपा ने मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के बहाने अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भी घेरना शुरू कर दिया है।

भाजपा ने आज अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह के फोटो वाला एक नया पोस्टर जारी कर ‘आप’ के नेताओं को कट्टर करप्ट बताते हुए निशाना साधा है। दिल्ली भाजपा के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर जारी किए गए इस पोस्टर में मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन, संजय सिंह और अरविंद केजरीवाल को दिखाया गया है। इस पोस्टर में मनीष सिसोदिया हाथ में शराब की बोतल लिए हुए दिख रहे हैं, जबकि अरविंद केजरीवाल सभी के सेंटर में दिखाए गए हैं।