Google Analytics Meta Pixel
Madhya Pradesh

हटाए गए झिंझरी चौकी प्रभारी, प्रियंका को बनाया गया प्रभारी, सिलौड़ी चौकी की कमान दिनेश करोसिया

कटनी

 जिला पुलिस बल में 23 अगस्त शुक्रवार को दो चौकियों का प्रभार बड़े ही रहस्यमई अंदाज में बदल दिया गया। आदेश जारी होने के बाद नए चौकी प्रभारियों ने अपने कार्यस्थल पर पहुंचकर पदभार भी ग्रहण कर लिया है। पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के द्वारा आज झिंझरी चौकी का प्रभार उप निरीक्षक महेंद्र जायसवाल से छीन कर उपनिरीक्षक प्रियंका राजपूत को सौंप दिया गया है। इसके अलावा सिलौडी चौकी का प्रभार बदल कर उप निरीक्षक दिनेश करोसिया को सौंपा गया है। झिंझरी चौकी में किए गए परिवर्तन ने पूरे पुलिस महकमें को हैरत में डाल दिया है। बेहतर ट्रैक रिकॉर्ड होने के बावजूद झिंझरी चौकी से महेंद्र जायसवाल को हटाया जाना बेहद आश्चर्यजनक प्रतीत हो रहा है। रातों-रात यह गुणा भाग पुलिस विभाग के अंदर हुआ कैसे यह बात समझ के परे है।

सूत्र बताते हैं कि पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन के द्वारा शुक्रवार को किए गए इस परिवर्तन की जानकारी उनके करीबी कर्मचारी तक को नहीं लगी। आदेश जब जारी हो गए तब लोगों को इसका पता चला। आज पूरा दिन इस आदेश को लेकर चर्चा इसी बात की होती रही कि आखिर महेंद्र को सजा किस बात की मिली, जो उसे झिंझरी चौकी प्रभारी से हटा कर कोतवाली भेज दिया गया। आपको बता दें कि उप निरीक्षक महेंद्र जायसवाल ने जिले के दुर्दांत अपराधी किस्सू तिवारी को पकड़ने वाली टीम में अहम भूमिका निभाई थी। महेंद्र जायसवाल को कुछ दिन पहले 15 अगस्त पर सम्मानित भी किया गया था। सूत्र तो यहां तक बताते हैं कि महेंद्र जायसवाल का ट्रैक रिकॉर्ड बेहतरीन था, लेकिन उसके बावजूद किया गया परिवर्तन समझ से परे है। परिवर्तन किन कारणों से हुआ यह तो पता नहीं चला। लेकिन इस परिवर्तन ने अन्य सभी थाना तथा चौकी प्रभारियों में असुरक्षा की भावना आवश्यक पैदा कर दी होगी।