Google Analytics Meta Pixel
Breaking NewsInternationalState News

भारतीय मूल की सुनीता की अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी… कल्पना चावला के हादसे के बाद सहमे हिंदुस्तान में खुशी की लहर… देखिए किस तरह से आ सकीं सुनीता…

इम्पेक्ट न्यूज। डेस्क।

इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर फंसे एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर 9 महीने (286) बाद धरती पर लौटे। उन्होंने इलॉन मस्क की कंपनी स्पेसएक्स के ‘ड्रैगन’ स्पेसक्राफ्ट से वापसी की।

ड्रैगन कैप्सूल में क्रू-9 के दो और एस्ट्रोनॉट निक हेग और अलेक्जेंडर गोरबुनोव भी सवार थे। चारों एस्ट्रोनॉट्स 17 घंटे की यात्रा के बाद फ्लोरिडा के तट पर लैंड हुए। सुनीता और बुच बोइंग 6 जून 2024 को NASA के 8 दिन के जॉइंट ‘क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन’ पर स्पेस स्टेशन गए थे, लेकिन स्टारलाइनर के थ्रस्टर में खराबी की वजह से उन्हें वहीं रुकना पड़ा।

विडियो लिंक में देखिए

धरती पर लौटने के बाद एस्ट्रोनॉट्स की पहली तस्वीर। सबसे पहले क्रू कमांडर निक हेग को बाहर लाया गया। इसके बाद अलेक्जेंडर गोरबुनोव, सुनीता विलियम्स और आखिर में बुच विल्मोर बाहर आए।

सुनीता को ड्रैगन कैप्सूल से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्होंने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।

सबसे ज्यादा समय तक स्पेस में रहने का रिकॉर्ड: रूसी एस्ट्रोनॉट वालेरी पोल्याकोव के नाम अंतरिक्ष में सबसे लंबे समय तक लगातार रहने का रिकॉर्ड है, उन्होंने 8 जनवरी 1994 से 22 मार्च 1995 तक मीर स्पेस स्टेशन पर 437 दिन बिताए थे। वहीं ISS पर एक बार में सबसे ज्यादा (371 दिन) समय तक रहने का रिकॉर्ड फ्रैंक रूबियो के नाम है।

सुनीता और विल्मोर इतने लंबे समय तक स्पेस में कैसे फंस गए?

स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट के 28 रिएक्शन कंट्रोल थ्रस्टरों में से 5 फेल हो गए थे। 25 दिनों में 5 हीलियम लीक भी हुए। हीलियम प्रोपलेंट को थ्रस्टरों तक पहुंचाने के लिए बहुत अहम है। ऐसे में स्पेसक्राफ्ट के सुरक्षित रूप से लौटने पर चिंताएं थी।

डेटा का विश्लेषण करने के बाद नासा ने फैसला लिया कि स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट सुनीता और बुच विल्मोर को वापस लाने के लिए सुरक्षित नहीं है, इसलिए वो अंतरिक्ष यात्रियों के बिना ही स्टारलाइनर स्पेसक्राफ्ट को 6 सिंतबर 2024 को पृथ्वी पर वापस ले आया।

अब स्पेसएक्स को एस्ट्रोनॉट्स को वापस लाने की जिम्मेदारी दी गई। स्पेसएक्स का ड्रैगन स्पेसक्राफ्ट हर कुछ महीनों में 4 एस्ट्रोनॉट्स को स्पेस स्टेशन लेकर जाता है और वहां मौजूद पिछला क्रू स्पेस स्टेशन में पहले से पार्क अपने स्पेसक्राफ्ट से वापस आ जाता है।

स्पेसएक्स ने जब 28 सितंबर 2024 को क्रू-9 मिशन लॉन्च किया तो इसमें भी 4 एस्ट्रोनॉट जाने वाले थे, लेकिन सुनीता और बुच के लिए दो सीट खाली रखी गई। इनके पहुंचने के बाद क्रू-8 स्पेस स्टेशन में पार्क अपने स्पेसक्राफ्ट से पृथ्वी पर लौट आया।

15 मार्च 2025 को SpaceX ने 4 एस्ट्रोनॉट्स के साथ क्रू-10 मिशन लॉन्च किया। 16 मार्च को ये एस्ट्रोनॉट ISS पहुंच गए। अब क्रू-9 के चारों एस्ट्रोनॉट जिम्मेदारी क्रू-10 को हैंडओवर करने के बाद स्पेस स्टेशन पर सितंबर से पार्क अपने स्पेसक्राफ्ट से लौट रहे हैं।