Google Analytics Meta Pixel
Thursday, March 12, 2026
news update
Sports

एशियाई टेटे चैंपियनशिप में भारतीय लड़के और लड़कियों ने जीते स्वर्ण पदक

नई दिल्ली

 भारत की अंडर-19 और अंडर-15 लड़के और लड़कियों ने दक्षिण एशियाई युवा टेबल टेनिस चैंपियनशिप के अंतिम दिन एकल और युगल स्पर्धा के सभी संभावित स्वर्ण पदक जीते।
टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के अनुसार, श्रीलंका के कैंडी में कल रात खेले गए मुकाबलों में भारतीय लड़कों और लड़कियों ने स्वर्ण पदक के साथ एकल मुकाबलों में अपने खाते में चार रजत पदक भी जीते।
अंडर-19 लड़कों के एकल फाइनल में अंकुर भट्टाचार्जी ने जश मोदी को 11-8, 5-11, 11-9, 11-6 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। जश मोदी को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। पाकिस्तान और बंगलादेश ने कांस्य पदक जीते।
वहीं लड़कियों के वर्ग में सायाली वानी ने प्रीथा वर्तिकार को 11-9, 10-12, 11-4, 11-8 से हराकर खिताब जीता, जिससे प्रीथा दूसरे स्थान पर पहुंच गई। इस वर्ग में पाकिस्तान और मेजबान श्रीलंका को कांस्य पदक मिला।
अंडर-15 लड़कों में सोहम मुखर्जी एकल चैंपियन बने, उन्होंने सार्थक आर्य को 11-7, 11-8, 11-7 से हराया, जबकि कांस्य पदक पाकिस्तान के दो पैडलर्स अब्बास अमजद खान और अब्दल मोहम्मद खान के खाते में गया।
लड़कियों के अंडर-15 एकल में सिंड्रेला दास ने हमवतन दिव्यांशी बोमिक को 12-10, 8-11, 11-8, 11-9 से हराया। नेपाल की सुभाश्रेष्ठा और श्रीलंका की योशिनी जयवर्धने को कांस्य पदक के लिए संघर्ष करना पड़ा।
अंडर-19 लड़कों के डबल्स में अंकुर और जश ने मिलकर पाकिस्तानी जोड़ी शायन फारूक और ताहा बिलाल को 11-6, 13-11, 11-9 से हराकर स्वर्ण पदक जीता, जबकि तनीषा कोटेचा और रिशा मीरचंदानी ने नेपाली जोड़ी बिनाका राय और इवाना थापा मगर को 11-3, 11-6, 11-5 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
अंडर-15 लड़कों के डबल्स में साहिल रावत और रूपम सरदार ने अबुल हाशम हसीब और मोहम्मद थमिदुर रहमान को 11-8, 11-6, 11-8 से हराकर शीर्ष पर रहे। लड़कियों की श्रेणी में काव्या भट्ट और अंकोलिका चक्रवर्ती ने श्रीलंका की जोड़ी योशिनी और शान्या मुथुली को 11-6, 11-5, 11-6 से हराकर स्वर्ण पदक जीता। अंकुर ने अंडर-10 मिश्रित युगल में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने प्रीथा वर्तिकार के साथ मिलकर मालदीव की अख्यार अहमद खालिद और फातिमा धीमा अली की जोड़ी को 11-9, 12-10, 11-8 से हराया। इसके बाद, सार्थक आर्य और सिंड्रेला दास ने श्रीलंका के अकियन बोजित और योशिनी को 11-8, 3-11, 11-2, 12-10 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इससे पहले, भारतीय पैडलर्स ने अंडर-15 लड़के और लड़कियों के अलावा अंडर-19 लड़की वर्ग में भी टीम खिताब जीते थे।