उपमुख्यमंत्री अरूण साव की मौजूदगी में जगदलपुर के पांचवें महापौर संजय पाण्डे ने शपथ ली…
Getting your Trinity Audio player ready...
|
इम्पेक्ट न्यूज। जगदलपुर।
महापौर संजय पांडे ने उपमुख्यमंत्री अरूण साव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक जगदलपुर की मौजूदगी में शपथ ली। वे जगदलपुर के पांचवें महापौर हैं। उनके साथ BJP के 30 पार्षदों ने भी शपथ ग्रहण की।

जगदलपुर के मां दंतेश्वरी मंदिर के सामने शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। इस आयोजन में डिप्टी CM अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप और BJP के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी शामिल हुए। इन नेताओं की मौजूदगी में जगदलपुर कलेक्टर हरीश एस ने मेयर समेत 31 पार्षदों को शपथ दिलाई।

साव बोले- जो बोला वो करेंगे
अरुण साव ने कहा कि, नवनिर्वाचित महापौर और पार्षद अटल विश्वास पत्र में किए गए हर वादे को पूरा कर जगदलपुर शहर को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण शहर बनाने काम करेंगे। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार जगदलपुर शहर की तरक्की के लिए हर संभव सहयोग देगी।
केदार बोले- 50 सालों का बनेगा प्रोजेक्ट
वन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि, राज्य सरकार ने पिछले 15 महीने में प्रदेश के नगरीय निकायों में 7500 करोड़ रुपए से खर्च कर विकास काम किया है। वहीं जगदलपुर शहर के लिए 82 करोड़ रुपए से अधिक लागत से आधारभूत संरचना विकसित की जा रही है। आने वाले दिनों में जगदलपुर के 50 सालों की जरूरत को ध्यान रखकर शहर का विकास किया जाएगा।
जो वादे किए उन्हें पूरा करूंगा

महापौर संजय पांडेय ने कहा कि, शहर की जनता ने मुझ पर भरोसा जताया है। शहर के विकास के लिए काम करेंगे। जो-जो वादे किए गए हैं अब उन वादों को पूरा करेंगे। पिछले 9 सालों में शहर सरकार कांग्रेस की थी। विकास नहीं हुआ। लेकिन अब BJP की सरकार में लोगों के हित में काम होंगे।
कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू को हराया
15 फरवरी को नगर निगम के नतीजे आए। BJP प्रत्याशी संजय पांडेय ने कांग्रेस के मलकीत सिंह गैदू को करीब 8 हजार 772 वोटों से हराया और जगदलपुर मेयर की कुर्सी पर बैठे। संजय को 38 हजार 38 वोट मिले थे, जबकि मलकीत को 29 हजार 276 मत प्राप्त हुए थे।