Google Analytics Meta Pixel
Big news

डोनाबास में यूक्रेनी सैनिकों की जबरदस्त गोलाबारी… दावा- 13,800 रूसी सैनिक व 430 टैंक किए तबाह…

इंपैक्ट डेस्क.

यूक्रेन-रूस के बीच जंग 21वें दिन में पहुंच चुकी है। इस बीच यूक्रेन की ओर से दावा किया गया है कि, उसने रूस की सेना को भारी नुकसान पहुंचाया है। 13800 सैनिकों को जान से मारने के अलावा यूक्रेन के कई सैन्य उपकरणों को भी बर्बाद कर दिया है। दावे के अनुसार भारी नुकसान के बाद भी रूस रुकने का नाम नहीं ले रहा है। यूक्रेन में जंग के 21वें दिन भी कई जगहों से धमाकों की आवाज सुनाई दे रही है। कई शहरों में हवाई हमले का अलर्ट जारी किया गया है। 

रूस-यूक्रेन जंग में मारे गए 103 बच्चे- महाभियोजक

यू्क्रेन की महाभियोजक इरिना वेनेदिक्तोवा ने कहा कि रूस-यूक्रेन जंग में अब तक 103 बच्चों की मौत हुई है। फेसबुक पर दिए अपने बयान में उन्होंने कहा कि 24 फरवरी के बाद से अब तक 100 से ज्यादा बच्चे घायल भी हुए हैं।

यूक्रेन ने रूसी हेलीकॉप्टरों पर किया हमला

यूक्रेन के खेरसन में अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यूक्रेनी सेना ने रूस के हेलीकॉप्टरों पर जोरदार हमला बोला। इस हमले के बाद की सैटेलाइट तस्वीर भी जारी की गई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन की ओर से किए गए हमले में कम से कम तीन हेलीकाप्टरों और सैन्य वाहनों को नष्ट कर दिया गया। 

रूस से तेल सौदा कर गलत पक्ष में खड़ा हो सकता है भारत- अमेरिका 

रूस की ओर से भारत को रियायती दरों पर कच्चे तेल की पेशकश के बाद सबकी नजरें भारत की ओर हैं। व्हाइट हाउस के प्रेस सचिव जेन सॉकी ने कहा कि, भारत अगर इस सौदे को स्वीकार करता है तो यह प्रतिबंधों के उल्लंघन का मामला नहीं होगा। हालांकि, यह सौदा भारत को गलत पक्ष में जरूर खड़ा कर सकता है।