Saturday, January 24, 2026
news update
State News

दिल्ली और रायपुर में राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पहली बार अंबिकापुर जा रहे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव…

Impact desk.

राजधानी रायपुर और दिल्ली में राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पहली बार प्रदेश के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव अपने गृह क्षेत्र अंबिकापुर आ रहे हैं। राजधानी रायपुर से हेलीकाप्टर द्वारा मरवाही विधायक केके ध्रुव के निवास जाएंगे जहां परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करेंगे। यहां से वह अंबिकापुर के लिए रवाना होंगे। दोपहर एक बजे अंबिकापुर के पीजी कालेज मैदान हेलीपैड पर पहुंचेंगे।

कई दिनों तक चले राजनीतिक घटनाक्रम के बाद पहली बार अंबिकापुर शहर पहुंच रहे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव से मुलाकात करने बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इसको देखते हुए प्रशासन ने भी पीजी कालेज मैदान में पुलिस बल तैनात किया है।

सरगुजा कांग्रेस से जुड़े व्हाट्सएप ग्रुप में कल जैसे ही स्वास्थ्य मंत्री के अंबिकापुर आने की खबर आई सभी पदाधिकारी व कार्यकर्ता सक्रिय हो गए हैं और उनके आगमन पर पीजी कालेज मैदान पहुंचने की सूचना दे रहे हैं।

बता दें कि स्वास्थ्य मंत्री सिंहदेव एक दिवसीय प्रवास पर यहां आ रहे हैं। अपने निज सहायक आनंद सागर सिंह की माता के निधन के बाद परिवार के शोक कार्यक्रम में अंबिकापुर के मेडिकल कालेज अस्पताल रोड स्थित निवास पर जाएंगे। यहां से वे उदयपुर हेलीकाप्टर से रवाना होंगे, जहां वरिष्ठ कांग्रेस नेता व सरगुजा राजपरिवार से जुड़े सिद्धार्थ सिंहदेव के निवास जाएंगे।

सिद्धार्थ सिंहदेव की माता का हाल ही में निधन हो गया है।उनके शोक कार्यक्रम में शामिल होंगे।शाम पांच बजे स्वास्थ्य मंत्री उदयपुर से ही राजधानी के लिए रवाना हो जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!