Google Analytics Meta Pixel
CG breakingState News

पारदर्शी धान खरीदी व्यवस्था से किसानों को मिल रहा लाभ…..

रायपुर: सरगुजा जिले में धान उपार्जन केन्द्रों की पारदर्शी व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय में बड़ी राहत मिल रही है। धान उपार्जन की प्रक्रिया सरल, और सुविधाजनक होने से किसान संतोष व्यक्त कर रहे हैं। इसी क्रम में बतौली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ललाती के लघु किसान श्री निर्मल भगत ने धान खरीदी व्यवस्था की सराहना की है।

श्री निर्मल भगत ने बताया कि इस वर्ष अच्छी वर्षा होने से धान की उपज बेहतर रही। उन्होंने लगभग साढ़े 4 एकड़ भूमि में धान की खेती की है, जिसमें कुल 82.80 क्विंटल धान का उत्पादन हुआ। उन्होंने बताया कि समिति के माध्यम से समय पर टोकन कट गया और टोकन कटाने की प्रक्रिया में किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हुई।

उन्होंने बताया कि बोदा धान उपार्जन केन्द्र पहुंचते ही गेट पास जारी किया गया, नमी परीक्षण कर तत्काल बारदाना उपलब्ध कराया गया, जिससे धान विक्रय की पूरी प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हुई। उन्होंने कहा कि समिति केन्द्र में किसानों के लिए पेयजल एवं छाया में बैठने की समुचित व्यवस्था की गई है तथा समिति के कर्मचारी किसानों को पूरा सहयोग प्रदान कर रहे हैं।

श्री भगत ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासन द्वारा धान का 3100 रुपये प्रति क्विंटल का सर्वाधिक समर्थन मूल्य प्रदान किया जा रहा है तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल की खरीदी की जा रही है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिल रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष धान विक्रय से प्राप्त आय से गेहूं, तिलहन एवं सब्जी सहित अन्य फसलों की खेती कर अच्छी आमदनी हुई है।

श्री निर्मल भगत ने धान खरीदी व्यवस्था को सराहनीय बताते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि धान का बेहतर मूल्य मिलने से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत हो रही है।