Google Analytics Meta Pixel
International

अमेरिका में मिशिगन के वॉटर पार्क में गोलीबारी में दो बच्चे समेत आठ घायल, हमलावर भी मिला मृत

मिशीगन.

अमेरिका में गोलीबारी की एक और घटना सामने आई है। मिशीगन में शनिवार की शाम को वॉटर पार्क में एक व्यक्ति ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें दो बच्चे समेत आठ लोग घायल हो गए। गोलीबारी के बाद शूटर एक घर में छिप गया था, जिसे पुलिस ने घेर लिया। ओकलैंड काउंटी शेरिफ माइकल बुचर्ड ने इसकी जानकारी दी। हालांकि, बाद में हमलावर मृत पाया गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया।

पुलिस विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा, "रोशेस्टर हिल्स में ऑर्बन के स्प्लैश पैड पर सक्रिय शूटर छिपा हुआ था। वह अभी भी घटनास्थल पर सक्रिय है। हमने लोगों को इस स्थान से दूर रहने की सलाह दी है। इस गोलीबारी में कई लोग घायल हो गए। ओकलैंड काउंटी शेरिफ ने कहा कि आरोपी स्प्लैश पैड पर शाम के पांच बजे पहुंचा। वह अपने वाहन से उतरने के बाद ही गोलीबारी करने लगा। उसने कई बार अपनी बंदूक में गोली भरी। उसने 28 बार गोली दागी।" हालांकि, इस गोलीबारी के कारण का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का मानना है कि गोलीबारी बिना किसी मकसद के की गई है। रोशेस्टर हिल्स के मेयर बर्यान बर्नेट ने कहा कि पुलिस ने हमले वाली जगह को सुरक्षित कर लिया है। रोशेस्टर हिल्स दमकल विभाग भी मौके पर मौजूद हैं। लोग लगातार प्रार्थना कर रहे हैं। इस घटना को लेकर और जानकारी मिलने पर अपडेट दिया जाएगा। बता दें कि 2024 में अमेरिका में अबतक 215 से अधिक गोलीबारी हो चुकी है।