Friday, January 23, 2026
news update
RaipurState News

छत्तीसगढ़ के बीजापुर में मुठभेड़ में आठ नक्सली ढेर

बीजापुर
छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में आठ नक्सलियों को मार गिराया है। पुलिस अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गंगालूर थाना क्षेत्र में नक्सली गतिविधि की सूचना मिलने के बाद सोमवार को सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में रवाना किया गया था।

दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के कोबरा बटालियन के जवान शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दल जब लेंड्रा गांव के जंगल में था तब आज सुबह लगभग छह बजे नक्सलियों ने सुरक्षाबलों के जवानों पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से भाग गए। बाद में जब घटनास्थल की तलाशी ली गई तब वहां आठ नक्सलियों के शव, एक स्वचालित लाइट मशीन गन (एलएमजी), ‘बैरल ग्रेनेड लॉन्चर’ और अन्य हथियार बरामद किए गए।

उन्होंने बताया कि मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के साथ, इस वर्ष अब तक बीजापुर जिले सहित बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ हुई अलग-अलग मुठभेड़ों में 41 नक्सली मारे गए हैं।

सुकमा जिला बस्तर लोकसभा क्षेत्र में है जहां 19 अप्रैल को आम चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा।

 

error: Content is protected !!