Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Politics

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने बेरोजगारी को लेकर पीएम मोदी को घेरा, असल में उनकी गारंटी-बेरोजगारी की ही गारंटी है

नई दिल्ली
कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाद्रा ने रिक्त सरकारी पदों को लेकर रविवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी ‘‘बेरोजगारी की गारंटी'' है। कांग्रेस महासचिव ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि आंकड़ों के अनुसार, देश में करीब 30 लाख सरकारी पद खाली हैं। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमारे करोड़ों युवा नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं लेकिन पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने इन पदों को भरने के लिए दिखावे के सिवा कुछ नहीं किया।''

उन्होंने कहा कि जुलाई 2022 में सरकार ने संसद को जानकारी दी थी कि आठ साल में 22 करोड़ युवाओं ने नौकरी के लिए आवेदन किया लेकिन नौकरी मिली मात्र सात लाख युवाओं को। कांग्रेस नेता ने कहा कि इसका मतलब है कि लगभग 21.93 करोड़ योग्य युवा बेरोजगार रह गए। प्रियंका ने आरोप लगाया, ‘‘सालाना दो करोड़ नौकरियों का वादा करने वाली भाजपा सरकार न पहले से मौजूद नौकरियां दे पायीं, न ही नए रोजगार सृजित कर सकी। प्रधानमंत्री जी चुनावों में गारंटी देते हैं। असल में उनकी गारंटी-बेरोजगारी की ही गारंटी है।'' आंकड़ों के अनुसार, देश में करीब 30 लाख सरकारी पद खाली हैं। हमारे करोड़ों युवा नौकरियों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन पिछले 10 सालों में भाजपा सरकार ने इन पदों को भरने के लिए दिखावे के सिवा कुछ नहीं किया।

कांग्रेस महासचिव ने शुक्रवार को आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार के अंतरिम बजट में नई नौकरियां सृजित करने और बेरोजगारी से निपटने का न तो कोई दृष्टिकोण है, न कोई योजना। उन्होंने कहा, ‘‘सबसे बड़ा दुर्भाग्य है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बेरोजगारी पर एक भी शब्द नहीं बोला।'' उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार मुद्रास्फीति और बेरोजगारी पर अंकुश लगाने में विफल रही है और उसके अंतरिम बजट ने समाज के हर वर्ग को निराश किया है।