Madhya Pradesh

सीएम यादव ने बोट क्लब पर लहराया तिरंगा, बोले- पूरा देश और प्रदेश तिरंगामय नजर आ रहा है

 भोपाल

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने वॉटर स्पोर्ट्स तिरंगा शो के अंतर्गत बड़े तालाब पर लेक प्रिंसेस क्रूज में ध्वज अभिवादन किया और तिरंगे की थीम बैलून छोड़े। वॉटर स्पोर्ट्स खिलाड़ियों द्वारा बड़े तालाब में देश भक्ति की धुनों के बीच तिरंगे के साथ विशेष फॉर्मेशन निर्मित की गई। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने पूरे जोश के साथ देशभक्ति गीत ‘यह देश है वीर जवानों का’ गाया और बड़े तालाब में नावों पर सवार नृतक और नृत्यांगनाओं ने गीत की धुन पर नृत्य प्रस्तुत किया।

तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में हुए शामिल

सीएम यादव ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पूरे भारत में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के जरिए देशभक्ति का एक अलग ही स्तर देखने को मिल रहा है। आज भोपाल के बोट क्लब में तैरती हुई नाव पर जो तिरंगा लहरा रहा है, भगवान करे इस पर किसी की बुरी नजर न पड़े।” “यह हमारा सौभाग्य है कि पूरे देश ने स्वतंत्रता आंदोलन के लिए एकजुट होकर संघर्ष किया और आज इसका परिणाम दुनिया भर में सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश के रूप में सामने आया।

नावों पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया

आज हमने यहां प्रदेश की राजधानी के बोट क्लब में नावों पर तिरंगा यात्रा का आयोजन किया। उत्साह, उमंग और आनंद का माहौल है। मैं इस अवसर पर सभी को शुभकामनाएं देता हूं,” सीएम ने कहा। एक्स पर एक पोस्ट में सीएम ने लिखा कि देशभक्ति के स्वरों से गूंजता पूरा मध्य प्रदेश तिरंगामय हो गया और पूरे प्रदेश में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चलाया जा रहा है। यादव ने लिखा, “आज मैं प्रदेश की राजधानी भोपाल के बोट क्लब में ‘हर घर तिरंगा अभियान’ के तहत आयोजित तिरंगा यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुआ। देशभक्ति के स्वरों से गूंजती मध्य प्रदेश की धरती तिरंगामय हो गई है।

प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश और प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है।” इससे पहले सोमवार को सीएम यादव प्रदेश की राजधानी भोपाल के सुभाष नगर इलाके में आयोजित ‘तिरंगा यात्रा’ में शामिल हुए थे। यात्रा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, राज्य के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग, ओलंपिक पदक विजेता हॉकी खिलाड़ी विवेक सागर और अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटर ऐश्वर्य प्रताप सिंह भी शामिल हुए।
‘भोपाल में ‘हर घर तिरंगा’-सीएम यादव

सीएम यादव ने कहा, “भोपाल में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। पूरा देश हर घर तिरंगा के जश्न में डूबा हुआ है। मैं प्रदेश के सभी लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।” उन्होंने कहा, “हॉकी में पदक जीतने वाले ओलंपियन विवेक सागर और एक अन्य ओलंपियन निशानेबाज ऐश्वर्य प्रताप सिंह ने भी आज यहां तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। मैं उन दोनों को बधाई देता हूं।”

मुख्यमंत्री डॉक्टर यादव ने बोट क्लब पर मध्य प्रदेश टूरिज्म के नवीनीकृत फूड कॉर्नर लहर फास्ट का फीता काटकर तथा पूजन कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि पूरा देश और प्रदेश तिरंगामय नजर आ रहा है और अदभुत माहौल पूरे देश में दिखाई दे रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में इसी तरह की धूम देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेरी ओर से बहुत बहुत बधाई। कार्यक्रम में सीएम ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और तिरंगे के सम्मान में अपने विचार व्यक्त किए। बता दें 11 अगस्त से 15 अगस्त तक प्रदेश में हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन किया जा रहा है। इसमें तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही है। राष्ट्रीय पर्व को लेकर जगह जगह आयोजन किए जा रहे हैं।