Friday, January 23, 2026
news update
RajneetiState News

CG : टीएस की ‘टीस’ को रमन सिंह ने सहलाया… BJP में शामिल होने की बात पर दिया यह जवाब…

इम्पैक्ट डेस्क.

इस साल छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसको लेकर अभी से सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही चुनावी तैयारियों में जुट गई हैं। सूबे में होने वाले चुनाव, मौजूदा स्थितियों और मुद्दों पर पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने खुलकर बात करते हुए भूपेश बघेल सरकार पर करारा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार ने बीते चार वर्षों में सूबे को काफी पीछे धकेला है। रमन सिंह ने टीवी चैनल एबीपी के कार्यक्रम में हुई बातचीत में टीएस सिंहदेव की ‘टीस’ को भी सहलाया।  

रमन सिंह ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राहुल इस यात्रा में जिस रफ्तार से आगे बढ़ रहे हैं कांग्रेस उतनी ही तेज रफ्तार से पीछे जा रही है। इस साल होने जा रहे विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का राजस्थान और छत्तीसगढ़ से भी सफाया हो जाएगा। राहुल जितना चल रहे हैं कांग्रेस में उतना ही विखंडन हो रहा है। छत्तीसगढ़ में भी कांग्रेस में सिरफुटौव्वल देखी जा रही है। सूबे में कांग्रेस का घोषणा पत्र बनाने वाला टीएस सिंहदेव कह रहे हैं कि उन्हें नहीं मालूम की चुनाव लड़ना है या नहीं…

इस सवाल पर कि क्या आपकी टीएस सिंह देव से बातचीत होती है। रमन सिंह ने कहा कि मेरी सब से बातचीत होती है। टीएस सिंह देव से भी हालचाल होती है। बड़ी बात यह कि जिस नेता ने कांग्रेस का घोषणा पत्र बनाया आज वह कांग्रेस से अलग होने के मूड में है। क्या भाजपा में आने पर आप उनका स्वागत करेंगे। रमन सिंह ने कहा कि कोई पार्टी छोड़ता है तब इस पर बात होती है। आज वह कांग्रेस में हैं। मैं उन पर कुछ नहीं कहूंगा। सारी बातें सार्वजनिक करने की नहीं होती है। कुछ बातें बाद में सामने आती हैं। 

रमन सिंह ने कहा कि शांति का टापू कहलाने वाले छत्तीसगढ़ में आज नक्सलवाद और आतंकवाद देखा जा रहा है। आज दिनदहाड़े हत्याएं हो रही हैं। कांग्रेस की सरकार की ना नीति सही है ना तो नियति सही है। भाजपा सरकार में जिस प्रकार विकास के काम हुए, योजनाएं बनीं, हमारी सरकार ने विकास का जो ढांचा तैयार किया था वह मौजूदा सरकार में ध्वस्त हो गया। छत्तीसगढ़ में विकास के सारे काम ठप हो गए हैं। सूबे की जनता इस साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार को उखाड़ फेंकेगी। 

इस साल होने वाले चुनाव में भाजपा मजबूती से वापसी करके सरकार बनाएगी। सूबे में भाजपा का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर रमन सिंह ने कहा कि मैं लगातार तीन बार छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री रहा लेकिन हमारी पार्टी ने कभी सीएम चेहरे को सामने रखकर चुनाव नहीं लड़ा। हम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर सूबे का चुनाव लड़ेंगे। पार्टी सूबे चुनाव नतीजों के बाद सूबे के सीएम का चुनाव करती है। विधायक दल की बैठक में यह काम 10 मिनट में हो जाता है। 

error: Content is protected !!