Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Big newsNational NewsSports

भारत को लगा बड़ा झटका : नीरज चोपड़ा नहीं खेल पाएंगे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022…

इम्पैक्ट डेस्क.

गुरुवार 28 जुलाई से इंग्लैंड के बर्मिंघम में कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 की शुरुआत होनी है, लेकिन इससे ठीक पहले भारत को एक बड़ा झटका लगा है। इन राष्ट्रमंडल खेलों में भाला फेंक प्रतियोगिता में पदक के दावेदार माने जा रहे भारत के स्टार जेवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा टूर्नामेंट से हट गए हैं। चोट के कारण नीरज चोपड़ा को इस बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा है। वे अगले तीन-चार सप्ताह आराम करने वाले हैं।

नीरज चोपड़ा चोट के कारण बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स से बाहर हो गए हैं। हाल ही में समाप्त हुई 2022 विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में उन्होंने 88.13 मीटर के थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीतकर देश के लिए इतिहास रचा था। वे इस प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले दूसरे भारतीय और रजत पदक अपने नाम करने वाले पहले खिलाड़ी थे। इसी इवेंट के दौरान उनकी दाहिनी जांघ में हल्का खिंचाव आया था।

ओलंपिक खेलों में गोल्ड मेडल जीतने वाले नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतने के बाद इस बात की पुष्टि की थी कि उनको थ्रो करते समय पैर में दर्द हुआ था। हालांकि, उन्होंने चौथे थ्रो में अपना पदक पक्का किया था और अगले दो थ्रो फेंकते समय उनको काफी दर्द हुआ था, जिसके कारण थ्रो फाउल रहे थे। नीरज चोपड़ा को ग्रोइन इंजरी है, जिसे ठीक होने में वक्त लगेगा।