Friday, January 23, 2026
news update
D-Bilaspur-DivisionDistrict bilaspur

स्वच्छता ही सेवा अभियान पर जारी हैं गतिविधियां

स्वच्छता ही सेवा अभियान पर जारी हैं गतिविधियां

उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने पंडित दीनदयाल गार्डन में लगाया झाड़ू

स्वच्छता मैराथन को दिखाई हरी झंडी

 पंडित दीनदयाल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया नमन

स्वच्छता दीदियों को बांटे किट व साड़ी

बिलासपुर,
उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने एकात्म मानववाद के प्रणेता,प्रसिद्ध विचारक एवं चिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया हैं। उन्होंने दीनदयाल गार्डन में उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर नगर निगम द्वारा आयोजित स्वच्छता ही सेवा अभियान में भी हिस्सा लिया। गार्डन में विधायकों और जनप्रतिनिधियों के साथ झाड़ू लगाकर कचरा साफ किया। स्वच्छता दीदियों को साड़ी और किट भी वितरित किए। स्वच्छता मैराथन को हरी झंडी दिखाई। विधायक धरमलाल कौशिक, धरमजीत सिंह, सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सिंह चौहान, कलेक्टर अवनीश शरण, निगम आयुक्त अमितकुमार भी अभियान में शामिल हुए।

                मुख्य अतिथि की आसंदी से उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा की पंडित दीनदयाल उपाध्याय देश के बड़े विचारक एवं चिंतक हुए हैं। उन्होंने आधुनिक राजनीति को एक नई दिशा दी ।देश की विरासत के अनुरूप हमारा देश तरक्की करे, ये उनका विचार था। उनकी विचारधारा के अनुरूप देश के विकास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आगे ले जा रहे हैं। पूरी दुनिया यह मान रही है कि 21वीं सदी भारत की है और भारत ही देश ही विश्व का नेतृत्व करेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी,बाबा साहब अंबेडकर,पंडित दीनदयाल उपाध्याय सभी लोगों ने स्वच्छता को जीवन में सर्वोच्च स्थान दिया। इसका सीधा संबंध हमारी बेहतरी और स्वास्थ्य से जुड़ा है ।भारत सरकार एवं राज्य सरकार स्वच्छता पर लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जन भागीदारी और सबके सहयोग से ही अभियान पूरा और सफल होगा। उन्होंने गार्डन में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की नई प्रतिमा स्थापित करने के लिए पार्षद दुर्गा सोनी की ओर से 5 लाख रुपए दिए जाने की घोषणा की जानकारी दी। समारोह को विधायक धरमलाल कौशिक ने भी संबोधित किया। मैराथन रैली में शहर के सभी वर्गों के लोगों ने हिस्सा लिया। चौक चौराहों पर निगम द्वारा पानी और ग्लूकोज की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर गृह निर्माण मंडल के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, रामदेव कुमावत, निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश सिंह, जिला पंचायत सीईओ आरपी चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

error: Content is protected !!