National News

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में घायल दंपति की हालत में सुधार: अधिकारी

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में घायल दंपति की हालत में सुधार: अधिकारी

उत्तराखंड : दून के शिखर फॉल के पास जीप खाई में गिरी, दो की मौत

अधिक मानवीय सोच के साथ तैयार किए गए हैं नए आपराधिक कानून: असम के राज्यपाल कटारिया

श्रीनगर
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम इलाके में पिछले हफ्ते आतंकवादियों की गोलीबारी में घायल हुए पर्यटक दंपति की हालत में सुधार देखा गया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने कहा, ‘तबरेज खान और उनकी पत्नी फराह का सेना के 92 बेस अस्पताल में इलाज चल रहा है। वे दोनों स्थिर हैं और उनकी हालत में सुधार हो रहा है।’

अधिकारी ने बताया कि फराह को कंधे में गोली लगी, जबकि तबरेज को अधिक गंभीर चोट आईं क्योंकि एक गोली उसके चेहरे पर लगी थी।

यह घटना शनिवार रात को हुई जब एक दंपति अपने दो बच्चों के साथ पहलगाम के यान्नेर में रात का खाना खाने के लिए वाहन से उतर रहे थे। यह परिवार राजस्थान का रहने वाला है और यह उनकी कश्मीर की पहली यात्रा थी।

मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने उन पर गोलीबारी की जिसमें वे घायल हो गए।

तबरेज के पिता असलम खान ने जयपुर में संवाददाताओं से कहा, ‘वे (दंपति) दिन में पहलगाम गए थे और रात के खाने के लिए एक होटल जा रहे थे। वे वाहन से उतरने के बाद रात के खाने के लिए एक होटल के अंदर जा रहे थे। बाइक पर सवार दो लोग आए और गोली चला दी। फरहा को कंधे पर गोली लगी। उनके दो बच्चे भी उनके साथ थे।”

 

उत्तराखंड : दून के शिखर फॉल के पास जीप खाई में गिरी, दो की मौत

देहरादून
 यहां के राजपुर क्षेत्र में स्थित पर्यटन स्थल शिखर फॉल के पास सोमवार को एक जीप के गहरी खाई में जा गिरने से उस पर सवार दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी तथा तीन अन्य घायल हो गए।

पुलिस ने यहां बताया कि हादसा सुबह हुआ जब पांचों व्यक्ति शिखर फॉल घूमने के बाद घर लौट रहे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची तथा बचाव अभियान चलाया। हादसे में दो व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। तीन अन्य को घायल अवस्था में खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है।

पूछताछ में घायलों ने पुलिस को बताया कि वे लोग शिखर फॉल घूमने के बाद वापस जा रहे थे और तभी अचानक उनकी जीप के ब्रेक फेल हो गए और वह अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में गिर गयी।

मृतकों की पहचान देहरादून के पॉश तेग बहादुर रोड के रहने वाले आयुष शर्मा (30) तथा देहरादून के कौलागढ़ रोड की रहने वाली अवनी कुकरेती (29) के रूप में हुई है। शर्मा मर्चेट नेवी में कार्यरत था जबकि अवनी मसूरी रोड पर कैफे चलाती थी।

 

अधिक मानवीय सोच के साथ तैयार किए गए हैं नए आपराधिक कानून: असम के राज्यपाल कटारिया

गुवाहाटी
असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा है कि ब्रिटिश कालीन तीन कानूनों की जगह लेने वाले तीन नए आपराधिक कानूनों को अधिक मानवीय सोच के साथ तैयार किया गया है।

कटारिया ने रविवार को यहां विधि और न्याय मंत्रालय के विधि कार्य विभाग द्वारा आयोजित दो दिवसीय सम्मेलन में यह बात कही। सम्मेलन का विषय था- ‘दंड न्याय प्रणाली के प्रशासन में भारत का प्रगति पथ’।

देश में एक जुलाई से तीन नये आपराधिक कानूनों को लागू किया जाएगा।

एक सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, कटारिया ने सम्मेलन में अपने समापन भाषण में कहा कि इस आयोजन से प्राप्त जानकारियां नये कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण होंगी।

उन्होंने कहा, ‘‘ये कानून पूर्ववर्ती उपनिवेश कालीन कानूनों से बहुत अलग हैं। ये प्रत्येक भारतीय में औपनिवेशिक विरासत के अंशों को समाप्त करने का गौरव भरते हैं।’’

राज्यपाल ने ‘हिट एंड रन’ मामलों, महिलाओं के खिलाफ अपराधों और राजद्रोह के कानून को समाप्त करने जैसे मामलों से संबंधित विशेष प्रावधानों का उल्लेख करते हुए इन कानूनों के मानवीय पक्ष को रेखांकित किया।

गोहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश, न्यायमूर्ति विजय बिश्नोई ने कहा कि नए कानून देश की विधि प्रणाली को आधुनिक बनाने की दिशा में प्रगतिशील कदम हैं।

उन्होंने कहा कि इन कानूनों के प्रभाव को समय के साथ परखा जाएगा और आवश्यक सुधार किए जाएंगे।