Google Analytics Meta Pixel
Wednesday, March 11, 2026
news update
Sports

अनुपमा और थारुन ने कजाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय चैलेंज खिताब जीता

अनुपमा और थारुन ने कजाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय चैलेंज खिताब जीता

त्वेसा मलिक दक्षिण अफ्रीका में संयुक्त सातवें स्थान पर

प्रणवी संयुक्त 20वें स्थान पर

अस्ताना,
 भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी अनुपमा उपाध्याय और थारुन मन्नेपल्ली ने शनिवार को उरालस्क में कजाखस्तान अंतरराष्ट्रीय चैलेंज टूर्नामेंट में क्रमश: महिला और पुरुष एकल खिताब अपने नाम किये।

अल्मोड़ा की 19 साल की अनुपमा ने पिछले महीने पोलिश अंतरराष्ट्रीय चैलेंज में जीत हासिल की थी। उन्होंने फाइनल में 41 मिनट में हमवतन इशारानी बरुआ पर 21-15 21-16 से जीत दर्ज कर लगातार दूसरा खिताब हासिल किया।

वहीं पिछले साल दिसंबर में गुवाहाटी में सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में उपविजेता रहे 22 वर्षीय थारुन ने आठवें वरीय मलेशिया के सूंग जू वेन को 21-10, 21-19 से हराकर अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता।

मिश्रित युगल के फाइनल में भारत के संजय श्रीवत्स धनराज और मनीषा के की जोड़ी को मलेशिया के वोंग टीएन सी और लिम चिव सिएन की जोड़ी से 21-9, 7-21, 12-21 से हार का सामना करना पड़ा।

पूर्व सीनियर राष्ट्रीय चैम्पियन अनुपमा इस हफ्ते अच्छी फॉर्म में दिखीं, उन्होंने फाइनल में पहुंचने से पहले हमवतन हर्षिता राउत, चेक गणराज्य की टेरेजा स्वाबिकोवा, हमवतन देविका सिहाग और जापान की सोरानो योशिकावा को मात दी।

अनुपमा ने 2021 में इंडिया इंटरनेशनल चैलेंज, पोलिश ओपन (2022 और 2024) और 2023 में ताजिकिस्तान इंटरनेशनल सीरीज जीती है।

थारुन ने फाइनल से पहले हमवतन गगन बाल्यान, 2022 विश्व जूनियर चैम्पियनशिप के रजत पदक विजेता एस शंकर मुथुसैमी, कजाकिस्तान के दिमित्री पनारिन और वियतनाम के ले डुक फाट को पराजित किया।

त्वेसा मलिक दक्षिण अफ्रीका में संयुक्त सातवें स्थान पर

केम्पटन पार्क
भारतीय गोल्फर त्वेसा मलिक ने दक्षिण अफ्रीका में अपना अच्छा प्रदर्शन जारी रखते हुए एब्सा लेडीज आमंत्रण गोल्फ टूर्नामेंट के दूसरे दौर में भी इवन पार 72 का कार्ड खेला जिससे वह संयुक्त सातवें स्थान पर हैं।

त्वेसा ने फरवरी में दक्षिण अफ्रीका में ही अपना पहला अंतरराष्ट्रीय खिताब जीता था। उन्होंने पहले दौर की तरह दूसरे दौर में भी कड़ी परिस्थितियों के बावजूद अच्छा खेल दिखाया। उन्होंने पहले दौर में भी 72 का कार्ड खेला था।

टूर्नामेंट में भाग ले रही एक अन्य भारतीय खिलाड़ी रिद्धिमा दिलावरी संयुक्त 19वें स्थान पर है। उन्होंने पहले दौर में दो ओवर 74 और दूसरे दौर में एक ओवर 73 का कार्ड खेला।

दक्षिण अफ्रीका की कीरा फ्लॉयड (67-71) और कैसेंड्रा एलेक्जेंडर (68-70) अंतिम दौर से पहले संयुक्त बढ़त पर हैं।

प्रणवी संयुक्त 20वें स्थान पर

बोनविले
भारतीय महिला गोल्फर प्रणवी उर्स मौसम से प्रभावित आस्ट्रेलियन वुमैन्स क्लासिक टूर्नामेंट के पहले दौर के बाद संयुक्त रूप से 20वें स्थान पर बनी हुई हैं।

मौसम के कारण पहले दिन का खेल लगभग पूरी तरह से खराब हो गया जिससे टूर्नामेंट को 36 होल का कर दिया गया और पहला दौर भी अभी तक पूरा नहीं हो पाया है।

सात ग्रुप अपने पहले दौर का खेल ही खत्म नहीं कर सके जो शनिवार सुबह पूरा हुआ।

निकोलब्रोच इस्ट्रुप खेल निलंबित होने के बाद लीडरबोर्ड में शीर्ष पर हैं। उन्होंने छह अंडर 66 का कार्ड खेला जिससे वह चीनी ताइपे की पेई यिंग साई और आस्ट्रेलिया की जेस विटलिंग के साथ संयुक्त बढ़त बनाये हैं।

हॉकी के पूर्व खिलाड़ियों के लिए विशेष कोचिंग कार्यक्रम

नई दिल्ली
 हॉकी इंडिया ने कोचिंग में एकरूपता और निरंतरता लाने के उद्देश्य से पूर्व खिलाड़ियों के लिए एक नया कोचिंग कार्यक्रम आयोजित किया जिसमें भारत के पूर्व ड्रैग फ्लिकर और गोलकीपर रूपिंदर पाल सिंह, वीआर रघुनाथ, एड्रियन डिसूजा और भरत छेत्री ने भी प्रशिक्षण प्राप्त किया।

हॉकी इंडिया की विज्ञप्ति के अनुसार इस विशेष कोचिंग कार्यक्रम का आयोजन हाई परफार्मेंस निदेशक हरमन क्रूज की देखरेख में बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) में किया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार योगिता बाली, हेलेन मैरी, दीपिका मूर्ति, आकाश चिकटे, पीटी राव, पूर्व ड्रैग फ्लिकर गुरजिंदर सिंह और जसप्रीत कौर ने भी इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।