Google Analytics Meta Pixel
Crime

जिसे चाहा 5 सालों से उसे 16 बार चाकू से गोदा… सनकी आशिक ने इनकार पर ली प्रेमिका की जान…

इम्पैक्ट डेस्क.

प्रेमिका के परिवार का शादी से इनकार एक सनकी प्रेमी को इतना नागवार गुजरा कि उसने महिला को सरेराह चाकू से गोद दिया। घटना कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु की है। इस दर्दनाक हमले में एक युवती ने जान गंवा दी। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच जारी है।

28 साल के दिनकर ने एक महिला की उसके दफ्तर के बाहर ही बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने मृतका की पहचान 25 वर्षीय लीला पवित्र नलमति के तौर पर की है। खबर है कि दोनों बीते 5 सालों से रिलेशन में थे। आंध्रा के श्रीकाकुलम का रहने वाला दिनकर स्वास्थ्यकर्मी था। वहीं, लीला भी स्वास्थ्य से जुड़ी एक कंपनी में काम करती थीं।

डीसीपी (पूर्व) भीमशंकर एस गुलेद ने बताया है कि हत्या शाम करीब 7.30 बजे पीड़िता के दफ्तर के बाहर की गई। उन्होंने कहा, ‘शुरुआती जांच से खुलासा हुआ है कि दिनकर और लीला 5 साल पहले एक-दूसरे से प्यार कर बैठे थे और शादी करने का फैसला किया था। लेकिन लड़की का परिवार शादी के लिए तैयार नहीं था, क्योंकि दूल्हा अन्य जाति का था।’ 

उन्होंने बताया, ‘लीला ने इस बात की जानकारी दिनकर को दी और कहा कि उनका परिवार शादी के लिए तैयार नहीं है और उसे फैसला मानना होगा। इससे दिनकर को गुस्सा आ गया और उसने लीला को कई बार चाकू मार दिए।’ पुलिस ने जानकारी दी है कि आरोपी लीला के दफ्तर के बाहर उसका इंतजार करता रहा है। बाहर आने पर दोनों के बीच बहस हुई और दिनकर ने सरेराह करीब 16 बार चाकू से उसपर हमला कर दिया।