
राज्यसभा : 26 सदस्य चुने गए निर्विरोध, अब किन-किन राज्यों में है राज्यसभा की 11 सीटों पर लड़ाई?
|
Getting your Trinity Audio player ready... |
डेस्क, नई दिल्ली।
देश के 10 राज्यों की 37 राज्यसभा सीटों पर 16 मार्च को वोटिंग होनी है। नाम वापस लेने की आखिरी तारीख आज यानि सोमवार (10 मार्च, 2026) को है। इससे पहले चुनाव को लेकर तस्वीर साफ होने लगी है। 7 राज्यों की 26 राज्यसभा सीटों पर निर्विरोध सदस्य चुन लिए गए हैं। अब 3 राज्यों की 11 सीटों पर चुनाव होगा और राजनीतिक उठापटक देखने को मिल सकती है।
किन राज्यों की सीटों के लिए होना है चुनाव
पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, बिहार, असम, ओडिशा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश की राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव होने हैं। खास बात यह है कि इनमें से बिहार, हरियाणा और ओडिशा में निर्धारित सीटों से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। ऐसे में अगर आज कोई उम्मीदवार अपना नाम वापस नहीं लेता है तो 16 मार्च को रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।
भाजपा ने नियुक्त किए पर्यवेक्षक
बिहार, हरियाणा और ओडिशा में चुनाव के लिए भाजपा ने पर्यवेक्षक नियुक्त कर दिए हैं। इसके बाद साफ हो गया है कि इन तीन राज्यों में राज्यसभा चुनाव के लिए राजनीतिक उठा-पटक देखने को मिलेगी।
ओडिशा में होगा मुकाबला
ओडिशा की 4 राज्यसभा सीटों के लिए 5 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा ने मनमोहन सामल और सुजीत कुमार को मैदान में उतार रखा है और दिलीप रे को समर्थन दिया है। वहीं, बीजेडी ने संतृप्त मिश्रा और कांग्रेस ने डॉ. दत्तेश्वर मिश्रा को अपना समर्थन दे रखा है। इसमें से भाजपा के दो उम्मीदवार और बीजेडी के एक उम्मीदवार की जीत तय है लेकिन चौथी सीट के लिए दिलीप रे और दत्तेश्वर मिश्रा के बीच लड़ाई होगी।
बिहार की पांचवी सीट पर होगी फाइट
बिहार की 5 राज्यसभा सीटों के लिए 6 उम्मीदवार किस्मत आजमा रहे हैं। भाजपा ने नितिन नवीन और शिवेश कुमार को उतारा है तो जेडीयू ने नीतीश कुमार और रामनाथ ठाकुर को। एनडीए की तरफ से पांचवें उम्मीदवार उपेंद्र कुशवाहा हैं। वहीं, आरजेडी ने अमरेंद्र धारी सिंह को मैदान में उतारकर इस मुकाबले को रोचक बना दिया है।
हरियाणा का गणित
हरियाणा की दो राज्यसभा सीटों के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में हैं। भाजपा ने संजय भाटिया को तो कांग्रेस ने कर्मवीर बौद्ध को उतारा है। सतीश नांदल ने निर्दलीय के रूप में पर्चा भरकर इस मुकाबले को रोचक बना दिया। हालांकि नांदल को भाजपा समर्थन दे रही है। इसमें से भाजपा उम्मीदवार की जीत तो तय मानी जा रही है लेकिन कांग्रेस के बौद्ध और निर्दलीय नांदल के बीच मुकाबला होगा।
छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के द्विवार्षिकी निर्वाचन में श्रीमती लक्ष्मी वर्मा एवं श्रीमती फूलो देवी नेताम आज निर्वाचित घोषित किये गये । श्रीमती लक्ष्मी वर्मा एवं श्रीमती फूलो नेताम को निर्वाचित होने पर उन्हें रिटर्निंग ऑफिसर मनीष शर्मा ने निर्वाचन प्रमाण-पत्र प्रदाय किया ।
शरद पवार, विनोद तावड़े और रामदास आठवले… राज्यसभा चुनाव से पहले निर्विरोध चुने गए कई नेता
16 मार्च को होने वाले राज्यसभा चुनाव से पहले सोमवार को कई नेता उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुन लिए गए। इन नेताओं में राकापां (एसपी) अध्यक्ष शरद पवार, केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, भाजपा महासचिव विनोद तावड़े और सुप्रीम कोर्ट के वरिष्ठ वकील अभिषेक मनु सिंघवी जैसे दिग्गज शामिल हैं।
आठवले और तावड़े के अलावा भाजपा ने महाराष्ट्र से दो और उम्मीदवारों-रामराव वाडकुटे और माया इवानते को मैदान में उतारा था, जिन्हें निर्विरोध चुन लिया गया है। शिवसेना (एकनाथ शिंदे) की प्रवक्ता ज्योति वाघमारे और भाजपा की सहयोगी राकांपा से पूर्व उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के बेटे पार्थ भी राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं।
सत्तारूढ़ महायुति के छह उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित
महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति के छह उम्मीदवार राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं। विपक्षी महा विकास आघाड़ी की ओर से शरद पवार उच्च सदन पहुंचे हैं।
अप्रैल में रिक्त होने वाली महाराष्ट्र की सात सीटों के लिए नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन गुरुवार तक केवल सात उम्मीदवारों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। नामांकन वापस लेने की समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को इन नेताओं के निर्वाचन की घोषणा की गई।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी और तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के करीबी सहयोगी वेम नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गए हैं। रिटर्निंग आफिसर उपेंद्र रेड्डी ने उनके निर्वाचन की घोषणा की। चूंकि दो सीटों के लिए केवल सिंघवी और नरेंद्र रेड्डी ही मैदान में थे, इसलिए दोनों निर्विरोध निर्वाचित हुए।
सिंघवी तेलंगाना से कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित
सिंघवी तेलंगाना से एक और कार्यकाल के लिए कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए हैं, जबकि नरेंद्र रेड्डी राज्यसभा सदस्य के रूप में अपनी पहली पारी शुरू करेंगे। भाजपा उम्मीदवार लक्ष्मी वर्मा और कांग्रेस की उम्मीदवार फूलो देवी नेताम छत्तीसगढ़ से राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुनी गईं।
राज्यसभा चुनाव के लिए इन्हीं दोनों ने नामांकन दाखिल किया था। हिमाचल प्रदेश से कांग्रेस प्रत्याशी अनुराग शर्मा को निर्वाचित घोषित किया गया है।
इसके बाद प्रदेश कांग्रेस ने राज्य मुख्यालय में उनका अभिनंदन किया। तमिलनाडु की प्रमुख राजनीतिक पार्टियों के छह उम्मीदवारों को राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
निर्वाचित उम्मीदवारों में द्रमुक नेता तिरुचि शिवा और जेके रविंद्रन, अन्नाद्रमुक के एम. थंबी दुरई, पीएमके अध्यक्ष अंबुमणि रामदास, कांग्रेस उम्मीदवार क्रिस्टोफर मणिकम और डीएमडीके नेता एलके सुधीश शामिल हैं। रिटर्निंग आफिसर आर. शांति ने औपचारिक रूप से उनके चुनाव की घोषणा की और निर्वाचन का प्रमाण पत्र सौंपा
