Friday, January 23, 2026
news update
Breaking NewsCG AsemebelyGovernment

छत्तीसगढ़ का नया विधानसभा भवन तैयार उद्घाटन 1 नवंबर 2025 को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे, 29 अगस्त 2020 को वर्चुअल शिलान्यास सोनिया—राहुल ने किया था… जानिए नए विधानसभा के बारे में

Getting your Trinity Audio player ready...
इम्पेक्ट न्यूज। रायपुर।
1 नवंबर 2025 को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन का उद्घाटन करेंगे। यह भवन राज्य की प्रगति और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
नवा रायपुर के सेक्टर-19 में 20.78 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला यह भवन पूरी तरह इको-फ्रेंडली है और इसमें पारंपरिक महलों जैसे गुम्बद दिखाई देते हैं। छत्तीसगढ़ विधानसभा की नई इमारत का आकार राष्ट्रपति भवन से मिलता-जुलता है। वर्तमान में 90 विधायक हैं, लेकिन भविष्य को देखते हुए यहां 120 विधायकों की बैठने की व्यवस्था की गई है।
भवन के बाहर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापित की गई है।भवन में विधानसभा सचिवालय, तीन मीटिंग हॉल, कैंटीन, सेंट्रल हॉल, दर्शक दीर्घा, मीडिया लाउंज, सभागृह और आर्ट गैलरी जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। पुरुष, महिला, दिव्यांग और ट्रांसजेंडर के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था है।
तीन तरह के अस्पताल – एलोपैथी, होम्योपैथी और आयुर्वेद – भी उपलब्ध हैं। कॉरिडोर को बस्तर और सरगुजा की आदिवासी कला से सजाया गया है। परिसर में वास्तु शास्त्र के अनुसार पेड़ लगाए जा रहे हैं और खूबसूरत गार्डन-लैंडस्केप बनाया जा रहा है। कुल लागत करीब 273 करोड़ रुपये आई है।
नई विधानसभा तीन ब्लॉकों में बंटी है। ब्लॉक A सचिवालय के रूप में काम करेगा, जिसमें सचिव, अधिकारी, कर्मचारी और सुरक्षा शाखा के दफ्तर होंगे। ब्लॉक B मुख्य हिस्सा है, जहां सदन की कार्यवाही होगी। यहां विधानसभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, मुख्यमंत्री, नेता प्रतिपक्ष के कक्ष, मेंबर्स लाउंज, डाइनिंग एरिया और मुख्य सचिव का कार्यालय होगा।
ब्लॉक C में मंत्रियों और विधायकों के कक्ष हैं। लोअर ग्राउंड फ्लोर पर अस्पताल, रेलवे रिजर्वेशन, पोस्ट ऑफिस और बैंक की सुविधा है।सदन के ठीक पीछे विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री का कक्ष है। 14 मंत्रियों के लिए अलग चेंबर ब्लॉक C में बनाए गए हैं, जिनके लिए अलग एंट्री-एग्जिट गेट भी हैं।
साल 2018 में कांग्रेस सरकार ने डिजाइन के आधार पर 394 करोड़ का अनुमान लगाया था, लेकिन लागत कम करके 273.11 करोड़ में काम पूरा किया गया।विधानसभा परिसर में हरियाली के लिए वास्तु आधारित पेड़ और गार्डन बन रहे हैं, जिसकी जिम्मेदारी हॉर्टीकल्चर विभाग को दी गई है।
एंट्री-एग्जिट के लिए छह जगह चिह्नित हैं – राज्यपाल, स्पीकर और सीएम ब्लॉक B से, सचिवालय ब्लॉक A से और मंत्री ब्लॉक C से आएंगे। दिव्यांग और ट्रांसजेंडर के लिए अलग शौचालय हर ब्लॉक में हैं।विधानसभा में म्यूजियम भी बन रहा है, जिसमें छत्तीसगढ़ का राजनीतिक, सामाजिक, आर्थिक इतिहास और आदिवासी संस्कृति दिखेगी।
कॉरिडोर बस्तर-सरगुजा कला से सजे हैं और आर्ट गैलरी भी है। ब्लॉक C के लोअर ग्राउंड में तीनों चिकित्सा पद्धतियों के अस्पताल हैं। सदन ब्लॉक B के अपर ग्राउंड पर होगा, जिसमें 120 सीटें हैं – दाहिनी तरफ सत्ता पक्ष, बाईं तरफ विपक्ष। स्पीकर-राज्यपाल की कुर्सी, मेंबर्स लॉबी, डाइनिंग, हां/ना लॉबी, गर्भगृह, पत्रकार और दर्शक दीर्घा भी है।
संसद की तर्ज पर 200 लोगों की क्षमता वाला सेंट्रल हॉल है, जहां महत्वपूर्ण कार्यक्रम होंगे। अलग मीटिंग हॉल समितियों और कैबिनेट बैठक के लिए है। लाइब्रेरी हाईटेक होगी, जिसमें 55,000 से ज्यादा किताबें – कानून, इतिहास, साहित्य, विज्ञान आदि – हैं।
500 सीटों वाला ऑडिटोरियम भी पास में बन रहा है, जिसमें VIP लाउंज, ग्रीन रूम और रैम्प हैं।पूर्व विधायकों के लिए पहली बार विशेष बैठने की व्यवस्था है। कैंटीन ब्लॉक B की दूसरी मंजिल पर है। लिफ्ट की संख्या – ब्लॉक A में 4, B और C में 6-6। मंत्रालय, संचालनालय और विधानसभा एक ही गोलाकार परिसर में हैं, जिससे आने-जाने में सुविधा होगी।
पुरानी विधानसभा 25 किमी दूर थी, जिससे समय बर्बाद होता था और ट्रैफिक जाम रहता था। 90 सीटों की जगह कम थी, दर्शक-पत्रकार दीर्घा अपर्याप्त थी। भविष्य में सीटें बढ़ने पर दिक्कत होती। इसलिए नया भवन जरूरी था।
29 अगस्त 2020 को कांग्रेस सरकार में भूमिपूजन हुआ, जिसमें सोनिया-राहुल गांधी वर्चुअली शामिल हुए। नाम मिनी माता के नाम पर रखने का प्रस्ताव था। 2023 में बीजेपी सरकार बनी और डॉ. रमन सिंह ने निर्माण की समीक्षा की।
राज्य की पहली विधानसभा 14 दिसंबर 2000 को राजकुमार कॉलेज में टेंट लगाकर चली। 19 दिसंबर तक शपथ, स्पीकर चुनाव और नंदकुमार साय नेता प्रतिपक्ष बने। नया भवन जल-ऊर्जा संरक्षण, पेपरलेस सिस्टम और ग्रीन लैंडस्केप से इको-फ्रेंडली है। यह परंपरा, संस्कृति और आधुनिकता का संगम है। 1 नवंबर 2025 से छत्तीसगढ़ की विधायी यात्रा नए भवन से शुरू होगी।
error: Content is protected !!