Google Analytics Meta Pixel
Tuesday, March 10, 2026
news update
Big news

एक कमरे में 20 लोग, खाने की किल्लत और दवा खत्म… मुश्किल में एयर इंडिया के 230 यात्री…

इम्पैक्ट डेस्क.

दिल्ली से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खामी आने के बाद उसकी रूस के एक ग्रामीण इलाके में इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी थी। यह विमान मंगलवार को लैंड हुआ था और अब तक रवाना नहीं हो पाया है। इसके चलते 230 यात्री बड़ी मुश्किल में फंस गए हैं। हालात यह हैं कि लोगों को खाने की किल्लत है तो बुजुर्गों और बीमारों के लिए दवाई का भी संकट है। यही नहीं एक-एक कमरे में 20-20 लोग जमीन पर ही लेटे हुए हैं। किसी तरह समय काट रहे हैं, लेकिन 18 घंटे होने के बाद भी विमान कब रवाना होगा इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। 

इस बीच एयर इंडिया का बयान सामने आया है, जिसमें उसने कहा है कि एक वैकल्पिक फ्लाइट को रूस रवाना किया जा रहा है। इस विमान में उन सभी फंसे हुए यात्रियों को सवार किया जाएगा और फिर उन्हें अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को भेजा जाएगा, जहां वे जाने वाले थे। इस फ्लाइट में खाने की चीजें होंगी और अन्य जरूरी चीजें भी दी जाएंगी। इस बीच अमेरिका का बयान आया है कि उसकी हालात पर नजर है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय के उप-प्रवक्ता वेदांत पटेल ने कहा, ‘हमें पता चला है कि अमेरिका आ रहे विमान की रूस में इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। अभी हम यह नहीं बता सकते कि उस विमान में कितने अमेरिकी नागरिक सवार थे।’ 

इस फ्लाइट में कुल 232 लोग सवार हैं। दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से मंगलवार को सुबह 4 बजे यह विमान रवाना हुआ था। लेकिन बीच रास्ते में विमान के एक इंजन में तकनीकी खामी आ गई। इसके चलते इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान में बैठे लोगों ने रूस के ग्रामीण इलाकों में फंसे होने की जानकारी ट्विटर पर दी है। हालात यह हैं कि इन यात्रियों को किसी होटल में ठहराने की बजाय एक स्कूल में रोकना पड़ा है। यही नहीं जमीन पर ही गद्दे डालकर लोग लेटने के लिए मजबूर हैं। इस विमान की जहां लैंडिंग हुई है, वह रूस का मागदान शहर है, जो सुदूर इलाका है।