Google Analytics Meta Pixel
Crime

शादी के 17 दिन बाद ही नवविवाहिता की दहेज के लिए हत्या… ससुरालीजनों पर मुकदमा दर्ज

इम्पैक्ट डेस्क.

उत्तर प्रदेश के आगरा में दहेज के लिए नवविवाहिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। 17 दिन पहले उसकी शादी हुई थी। विवाहिता के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। 

ये घटना सदर थाना क्षेत्र के नगला पदमा की है। संपत सिंह की बेटी उर्वशी की शादी 9 फरवरी 2023 को मलपुरा के नगला  रेवती निवासी शिव सिंह के साथ हुआ था। संपत सिंह ने बताया कि उन्होंने बेटी की शादी धूमधाम से की थी। लेकिन ससुराल में बेटी को दहेज की मांग को लेकर परेशान किया जाने लगा। संपत सिंह ने बताया कि बेटी के साथ मारपीट भी की जा रही थी। एक कार व नकदी मांगी जा रही थी। पिता ने बताया कि उर्वशी को ससुरालीजनों ने दूध में जहर मिलाकर पिला दिया। इसके चलते उनकी तबीयत बिगड़ गई। उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। 26 फरवरी को उर्वशी की मौत हो गई। पिता ने थाना मलपुरा में पति अविनाश, ससुर शिव सिंह, सास नीलम, देवर पवन एवं ननद शिवांगी पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।

मायके नहीं आने दे रहे थे ससुरालवाले

उर्वशी के माता-पिता ने बताया कि ससुरालवाले उर्वशी का लगातार उत्पीड़न कर रहे थे। शादी के बाद उसे एक भी दिन मायके नहीं आने दिया था। 17 दिन में ही बेटी को मौत के घाट उतार दिया। दुल्हन के रूप में गयी बेटी का शव घर पहुंचा है।