District Bastar (Jagdalpur)District DantewadaImpact OriginalSamaj

पाट जात्रा रस्म के साथ बस्तर दशहरा की शुरूआत…! इस साल 102 दिन तक चलेगा कार्यक्रम…

राजीव नारंग. जगदलपुर।

बस्तर में प्रत्येक वर्ष की तरह इस साल भी दशहरे का आगाज , पाट जात्रा की रस्म से हो चुका है।

बस्तर में बीते छः सौ साल से दशहरा मनाया जा रहा है। यहां के दशहरा कुल 75 दिनों तक चलता है। इस साल दशहरा का कार्यक्रम 102 दिनों तक चलेगा।

जो कि पुरे विश्व का सबसे लंबा दशहरा है। दशहरा में पूरे भारत में जहां रावण के पुतले जलाये जाने की परंपरा है वही बस्तर में रावण के पुतला ना जलाकर दशहरा में रथ खींचा जाता है।

बस्तर दशहरा 1408 ई से आज तक बड़े ही उत्साह एवं धुमधाम से जगदलपुर शहर में मनाया जा रहा है। इसमें पुरे बस्तर के लाखो आदिवासी सम्मिलित होते है।

दशहरा की रस्म 75 दिन पूर्व पाट जात्रा से प्रारंभ हो जाती है। दशहरे में दो मंजिला रथ खींचा जाता है। जिसमें मां दंतेश्वरी का छत्र सवार रहता है।

दंतेवाड़ा से प्रत्येक वर्ष माईजी की डोली दशहरा में सम्मिलित होने के लिये जाती है। बस्तर दशहरा बस्तर का सबसे बड़ा पर्व है।

प्रत्येक वर्ष हरियाली अमावस को इसी पर्व के अंतर्गत प्रथम रस्म के तौर पर पाटजात्रा का विधान पुरा किया जाता है। बस्तर दशहरा निर्माण की पहली लकड़ी को स्थानीय बोली में टूरलु खोटला एवं टीका पाटा कहते हैं।

बस्तर दशहरे के लिए तैयार किए जाने वाली रथ निर्माण की पहली लकड़ी दंतेश्वरी मंदिर के सामने ग्राम बिलौरी से लाई गई। परंपरानुसार विधि.विधान के साथ रथ निर्माण करने वाले कारीगरों एवं ग्रामीणों के द्वारा माँझी चालाकी मेम्बरीन के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियो की मौजूदगी में पूजा विधान एवं बकरे की बलि के साथ पाट जात्रा की रस्म संपन्न हुई।

पाट जात्रा पूजा विधान में झार उमरगांव बेड़ा उमरगांव के कारीगर जिनके द्वारा रथ का निर्माण किया जाना है। वे अपने साथ रथ बनाने के औजार लेकर आते है तथा रथ बनाने की पहली लकड़ी के साथ औजारों की पूजा की जाती है। परम्परानुसार मोंगरी मछली एवं बकरे की बली के साथ इस अनुष्ठान को संपन्न किया गया।

जिसमें ग्रामीणों की भागीदारी भी होती है। बस्तर की अनोखी परम्परा से बस्तर दशहरा विश्व में अपनी अलग पहचान रखता है, जिसे देखने और समझने के लिए देशी-विदेश पर्यटक यहां पहुंचते है।

इस दशहरे में आस्था और विश्वास की डोर थामे आदिम जनजातियां अपनी आराध्य देवी मॉ दंतेश्वरी के छत्र को सैकड़ों वर्षों से विशालकाय लकड़ी से निर्मित रथ में विराजमान कर रथ को पूरे शहर के परिक्रमा के रूप में खींचती हैं।

तिथियों में फेर होने के कारण इस साल बस्तर दशहरा का कार्यक्रम करीब 27 दिन बढ़ जाएगा। ऐसा संयोग वर्षों के अंतराल में होता रहता है। बताया जा रहा है कि जब भी जोड़ा महिना पड़ता है तब ऐसा होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!