Breaking NewsRajneeti

नड्डा चुने गए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, निर्विरोध चयन के बाद दिल्ली में हुआ ऐलान

  • न्यूज डेस्क. नई दिल्ली।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर जेपी नड्डा निर्विरोध चुन लिए गए। दिल्ली में चयन प्रक्रिया की औपचारिकता के बाद संगठन प्रभारी राधामोहन सिंह ने इसका ऐलान किया। इस मौके पर अमित शाह समेत तमाम बड़े नेता मौजूद थे। वैसे श्री नड्डा का निर्विरोध चुन लिया जाना पहले से तय था।
भाजपा संविधान के अनुसार कम से कम आधे राज्यों में सांगठनिक चुनाव होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होता है। इसके हिसाब से अब तक 21 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद सदस्यों का चुनाव हो चुके हैं और यही कारण है कि अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव हुआ है।

चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सोमवार सुबह 10 बजे से 12.30 बजे तक नामांकन करने की प्रक्रिया हुई और 12.30 से एक घंटे तक नामांकन पत्र की जांच हुई। इसके बाद 1.30 से अगले एक घंटे तक का वक्त नामांकन वापसी के लिए रखा था। हालांकि 12.30 तक एक ही नाम रहा और उस हिसाब से पार्टी अध्यक्ष के रूप में जेपी नड्डा का नाम चुन लिया गया। अगर उनके सामने कोई उम्मीदवार होता तो मंगलवार को मतदान किया जाता।

सांसद और संसदीय बोर्ड के सचिव
श्री नड्डा राज्यसभा से सांसद हैं। वे भाजपा के संसदीय बोर्ड के सचिव भी हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी सौंपी थी। वहां भाजपा ने 80 में से 62 सीटों पर जीत दर्ज की थी। जून 2019 में नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था। उसके बाद से ही यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर वे अमित शाह के उत्तराधिकारी होंगे।

ससुराल में जश्न का माहौल
जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर जबलपुर स्थित उनके ससुराल में जश्न का माहौल है। नड्डा की सास जयश्री बनर्जी जो भाजपा से पूर्व सांसद रही हैं, उन्होंने अपने दामाद को बधाई दी और कहा कि यह जबलपुर के लिए गौरव की बात है। जेपी नड्डा 24 जनवरी को जबलपुर आ रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला निजी प्रवास होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!