RajdhaniState News

देश की जनता ने वंशवाद को नकारा : डॉ. रमन

प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व मुख्यमंत्री ने भाजपा की जीत को बताया ऐतिहासिक

इम्पेक्ट न्यूज. रायपुर।

लोकसभा चुनाव 2019 में भाजपा को मिली ऐतिहासिक जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा. रमन सिंह ने भाजपा के कार्यकर्ताओं व देश की जनता को बधाई एवं उनका आभार जताते हुए कहा कि देश की जनता ने जहां एक बार फिर वंशवाद को नकारा है, वहीं छत्तीसगढ़ की जनता ने कांगे्रस के भय और आतंक को नकारा है। 

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री सिंह ने शुक्रवार को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित एकात्म परिसर भाजपा कार्यालय में प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि देश एक नए युग में प्रवेश कर रहा क्योंकि नया इतिहास रच गया। ये दूसरा अवसर है जब देश के राजनीतिक दल को विजयी प्राप्त हुई। उन्होंने छग की जनता का अभिनंदन किया।

डा. रमन सिंह ने कहा कि 17 वें लोकसभा गठन का देश में 352 सीट के साथ एनडीए जीतकर आयी है। इस ऐतिहासिक जीत पर डा. सिंह ने कहा कि रायपुर लोकसभा सीट पर यह पहली बार नहीं, जब भाजपा ने बेहतर परफार्मेंस किया है। यह सातवीं बार है। भाजपा 1996 से लगातार रायपुर की सीट जीतती रही है और इस बार भी जीत का परचम लहराया है। इस चुनाव में भाजपा को समर्थन मिला। जनता ने मोदी के वादों पर विश्वास कर मतदान किया। 

डा. रमन ने कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री ने चुनाव के नतीजे के एक दिन पहले दावा किया था कि जिसकी विधानसभा उसकी लोकसभा। लेकिन कांग्रेस के 5 महीने के कार्यकाल और बदलापुर की सरकार को प्रदेश की जनता ने नकारा है। उन्होंने कहा कि वे राष्ट्रीय स्तर के नेता बनने का ख्वाब देख रहे थे, लेकिन अमेठी में राहुल गांधी को नहीं बचा पाए, भोपाल में दिग्विजय सिंह को नहीं बचा पाए, जहां गए वहां पराजय हुईं।  

डा. सिंह ने कहा कि दुर्ग लोकसभा में कांग्रेस की करारी हार हुई। इस तरह छग की जनता ने कांग्रेस के भय और आतंक को नकारा है। डा. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री को आइना भेजने वाले मुख्यमंत्री को खुद उसी आइने को देखने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में छग में भाजपा को मिली हार के बावजूद कार्यकर्ताओं ने एकजुटता व ताकत के साथ काम किया जिसमें भाजपा को 50 प्रतिशत से अधिक वोट मिले। ये वोट मोदी सरकार के 5 साल के विकास की वजह से मिला। यहां की ढाई करोड़ की जनता के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने आवास योजना, गैस सिलेंडर, शौचालय, आयुष्मान योजना सहित कई सराहनीय काम किया है, जिसके चलते यहां की जनता ने मोदी पर पुन: विश्वास दिखाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!