BeureucrateState News

कलेक्टर बोले, सभी शेयरधारक किसानों से खरीदे जाएंगे गन्ने

न्यूज डेस्क. कबीरधाम

कबीरधाम जिले में संचालित दो सहकारी शक्कर कारखाना लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल और भोरमदेव कारखाना ने प्रदेश में संचालित अन्य तीन शक्कर कारखानों की तुलना में गन्ना खरीदी, गन्ना पेराई, शक्कर उत्पादन, बिजली उत्पादन और किसानों को राशि भुगतान के मामले में कीर्तिमान स्थापित किया है।

कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने कबीरधाम जिले के राम्हेपुर में संचालित सहकारी भोरमदेव शक्कर कारखाना और पंडरिया के बिसेसरा में संचालित सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के अधिकारियों की बैठक लेकर दोनों सहकारी शक्कर कारखाना की पेराई सीजन वर्ष 2018-19 की गहन समीक्षा की।

कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालकों को निर्देश देते हुए कहा कि जिले के दोनों शक्कार कारखाना के शेयर धारक सभी किसानों से पात्रतानुसार गन्ने की खरीदी की जाएगी। उन्होंने कहा कि कबीरधाम जिले के गन्ना उत्पादक किसानों की आर्थिक समृद्धि और उनकी आर्थिक तरक्की के लिए जिले में दो सहकारी शक्कार कारखाना संचालित की जा रही हंै।

प्रबंधन की जिम्मेदारी है कि वे जिले के सभी शेयर धारक किसानों के गन्ना खरीदी करे। कलेक्टर ने कहा कि जिले के दोनों सहकारी शक्कर कारखना प्रबंधन और उनके अमले के माध्यम से जिले के सभी शेयर धारक किसानों तक यह संदेश पहुंचाई जाए कि उनके सभी गन्ने की खरीदी की जाएगी।

बैठक में बताया गया कि राम्हेपुर भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के सभी 12 हजार 741 शेयरधार कृषकों को गन्ना ब्रिकी के लिए पर्ची जारी कर दी गई है। इसमें 12 हजार 690 शेयर धारक किसानों से गन्ना की खरीदी कर ली गई हैं। शेष किसानों द्वारा जारी पर्ची के अनुसार क्रम में तिथिवार गन्ना की खरीदी की जा रही है।

इसी तरह लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल द्वारा सभी 8 हजार 224 शेयर धारक किसानों से गन्ना की खरीदी कर ली गई है। भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के अधिकारियों ने समीक्षा बैठक में पेराई सीजन वर्ष 2018-19 की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना में कुल 12 हजार 741 शेयर धारक किसान है।

शेयर धारक किसानों के 28 हजार 805 एकड़ में गन्ना रकबा है। सभी शेयर धारक किसानों से गन्ना की खरीदी की जा रही है। गन्ना खरीदी में पारदर्शिता लाने के लिए साफ्टवेयर से किसानों का गन्ना पर्ची जारी की जा रही है। अब तक 12 हजार 690 किसानों से 3 लाख 62 हजार 310 मीट्रिक टन गन्न खरीदी कर ली गई है। भोरमदेव शक्कर कारखाना ने 12 हजार 123 गन्ना उत्पादक किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान में 55 करोड़ 10 लाख रुपए राशि भुगतान कर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

अधिकारियों ने कारखाने की उपब्धियां बताया कि इस सीजन में 4 लाख 50 हजार मैट्रिक टन गन्ना पेराई का लक्ष्य रखा गया है, जिसकी तुलना में अब तक 3 लाख 62 हजार 310 मेंट्रिक टन गन्ना की पेराई कर 3 लाख 56 हजार 140 क्विंटल शक्कर का उत्पादन कर लिया है।

शक्कर उत्पादन के मामले में प्रदेश में भोरमदेव शक्कर कारखाना दूसरे स्थान पर है और बिजली उत्पादन के मामले में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि इस पेराई सीजन में 2 करोड़ 79 लाख का बिजली उत्पादन किया है। पेराई सीजन में अब तक का सबसे अधिक गन्ने की पेराई की गई है।

बैठक में भोरमदेव सहकारी शक्कर कारखाना के प्रबंध संचालक भूपेन्द्र सिंह ठाकुर, सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के महाप्रबंधक सतीश कुमार पाटले, महाप्रबंधक एनपी जायसवाल, महाप्रबंधक राजेंद्र प्रसाद राठिया एवं मेघराज सिंह, केके यादव, विनीत सिंह, रघुनाथ चंद्रवंशी और यूके प्रसाद उपस्थित थे।

पटेल सहकारी शक्कर कारखाना प्रदेश में अव्वल
लौह पुरूष सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना के अधिकारियों ने पेराई सत्र 2018-19 के उपलब्धियां बताई। अधिकारियों ने बताया कि इस शक्कर कारखाने में 8224 शेयरधारी किसान हैं। सभी शेयरधारी किसानों से गन्ने की खरीदी कर ली गई। क्षेत्र में 18734 एकड़ में गन्ने का रकबा था। इस वर्ष 4 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है। अब तक किसानों से 3 लाख 22 हजार 920 मीट्रिक टन गन्ना खरीदी कर ली गई है।

वर्तमान में 52 हजार मीट्रिक टन गन्ना पेराई की जानी है। इस सीजन में अभी तक 3 लाख 24 हजार 632 क्विंटल शक्कर का उत्पादन किया गया है। शक्कर उत्पादन के मामले में सरदार वल्लभ भाई पटेल सहकारी शक्कर कारखाना प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। कारखाना प्रबंधन द्वारा 7988 गन्ना उत्पादक कृषकों को 51 करोड़ 78 लाख रुपए का भुगतान कर लिया गया है। बिजली उत्पादन के मामले में शक्कर कारखाना ने 3 करोड़ 67 लाख 66 हजार 627 उत्पादन किया गया है।

गन्ना खरीदी पर बयानबाजी को लेकर कांग्रेस का पलटवार
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री और संचार विभाग के अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी ने गन्ना खरीदी पर भाजपा के बयान पर पलटवार किया है। श्री त्रिवेदी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि झूठ बोलना और अमर्यादित बयानबाजी करना भाजपा का चरित्र बन गया है। छत्तीसगढ़ में सत्ता जाने की भाजपा की छटपटाहट भाजपा इस तरह के आधारहीन असंतुलित बयानों से स्पष्ट उजागर है। सच्चाई तो यह है कि गन्ना किसानों की समस्या पर त्वरित कार्यवाही करते हुए कांग्रेस सरकार ने कवर्धा जिले के दोनों शक्कर कारखानों की पेराई सीजन 2018-19 की गहन समीक्षा के निर्देश दिए हैं। दोनों ही शक्कर कारखानों ने गन्ना खरीदी, गन्ना पेराई शक्कर उत्पादन, बिजली उत्पादन और किसानों को राशि भुगतान के मामले में कीर्तिमान स्थापित किया है। शासन के निर्देश पर कवर्धा कलेक्टर अवनीश कुमार शरण ने दोनों कारखानों के अधिकारियों की बैठक लेकर पेराई सीजन 2018-19 की न केवल समीक्षा की बल्कि जिले के सभी शेयरधारक किसानों से गन्ना खरीद को कारखाना प्रबंधन की जिम्मेदारी निरूपित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!