State NewsWeather

ओडिशा की ओर बढ़ा फैनी, छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम

न्यूज डेस्क. रायपुर।

फैनी तूफान ओडिशा की ओर तेजी बढ़ रहा है। इसके 3 मई तक ओडिशा के समुद्र तट पर पहुंचने की संभावना है। फैनी तूफान बंगाल की खाड़ी में मौजूद है। 1 मई से 3 मई तक बंगाल की खाड़ी से लेकर तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटों पर तेज हवाएं चलेंगी। फैनी तूफान का असर छत्तीसगढ़ पर भी होगा। चिलचिलाती गर्मी के बीच छत्तीसगढ़ में राहत की बौछारें पडऩे की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर समेत छत्तीसगढ़ में आगामी दो दिनों में तापमान में 1 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। दक्षिण छत्तीसगढ़ की कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि फैनी से बचने के लिए अनाज और कटी फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रख लिया जाए ताकि बारिश से उसे बचाया जा सके।

भारतीय मौसम विभाग ने बताया कि अगले 12 घंटों के दौरान चक्रवात फैनी के उत्तर पश्चिम की ओर बढऩे की संभावना है। इसके बाद यह तूफान गोपालपुर और चंबल के बीच ओडिशा तट को पार कर जाएगा। 3 मई को दोपहर में पुरी पहुंचने पर इस तूफान की अधिकतम गति 175-185 किमी प्रति घंटा से 205 किमी प्रति घंटा तक रहने की संभावना है।

रायगढ़ में अलर्ट जारी
फैनी तूफान को लेकर छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अलर्ट जारी कर दिया गया है। एसडीएम ने 48 घंटे तक लोगों को सावधान रहने की अपील की। रायगढ़ जिला ओडिशा राज्य की सीमा से लगा हुआ है। फैनी तूफान का असर पुसौर तथा रायगढ़ में हो सकता है।

पर्यटकों को पुरी छोडऩे की सलाह
खतरनाक हो चुका चक्रवाती तूफान ‘फैनी’ शुक्रवार को ओडिशा के तटीय इलाकों से टकराएगा। यह ‘तितली’ से ज्यादा तबाही मचा सकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए ओडिशा सरकार ने पर्यटकों से गुरुवार तक पुरी छोडऩे की सलाह दी है। पिछले साल ओडिशा में ‘तितली’ तूफान से 60 लोगों की मौत हो गई थी। क्षेत्रीय मौसम केंद्र के निदेशक एच आर बिस्वास ने बताया कि ‘फैनी’ का असर ‘तितली’ से ज्यादा होगा, जो अक्टूबर, 2018 में ओडिशा व आंध्र के तटीय इलाकों से टकराया था।

ओडिशा में स्वास्थ्य कर्मचारियों की छुट्टियां 15 मई तक रद्द
ओडिशा में ‘फैनी’ तूफान के चलते डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मचारियों की छुट्टियां 15 मई तक रद्द कर दी गई हैं। वहीं, जो डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मचारी छुट्टी पर हैं। उन्हें ड्यूटी ज्वॉइन करने के लिए आदेश दिया गया है।

वायुसेना, नौसेना और तटरक्षक बल अलर्ट पर
ओडिशा में वायुसेना, नौसेना और तटरक्षक बल अलर्ट पर हैं। जरूरत पडऩे उनकी सेवाओं का इस्तेमाल किया जाएगा। गंजम, खुरदा, पुरी और केंद्रपाड़ा के कलेक्टरों ने सभी सरकारी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। प्रशासन ने 2 मई से ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में मछुआरों को समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!